T20 World Cup 2026: हर्षित राणा की चोट ने बढ़ाई चिंता, USA मैच से पहले लंगड़ाते दिखे

KNEWS DESK- T20 वर्ल्ड कप 2026 शुरू होने से पहले भारतीय टीम की मुश्किलें कम होने का नाम नहीं ले रही हैं. चोटों से जूझ रही टीम इंडिया को अब एक और बड़ा झटका लग सकता है. तेज गेंदबाज हर्षित राणा साउथ अफ्रीका के खिलाफ खेले गए वॉर्म-अप मैच के दौरान चोटिल हो गए, जिसके बाद उनकी फिटनेस को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं.

नवी मुंबई में 4 फरवरी को खेले गए इस अभ्यास मुकाबले में भारत ने साउथ अफ्रीका को 30 रन से हराया, लेकिन जीत के बावजूद हर्षित राणा की चोट ने टीम मैनेजमेंट की टेंशन बढ़ा दी. मैच के दौरान हर्षित अपना रन-अप पूरा नहीं कर पा रहे थे और उन्हें एक ओवर के दौरान दो बार दौड़ रोकनी पड़ी. इसके बाद वह घुटना पकड़ते हुए लंगड़ाते नजर आए और मैदान छोड़कर बाहर चले गए.

Sportstar की रिपोर्ट के अनुसार, हर्षित राणा किसी तरह अपना एक ओवर पूरा कर पाए, जिसमें उन्होंने 16 रन दिए. हालांकि, उनकी हालत देखकर साफ लग रहा था कि दर्द काफी ज्यादा है. फिलहाल उनकी चोट की गंभीरता को लेकर कोई आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन अगर यह चोट गंभीर साबित होती है तो टीम इंडिया के लिए यह बड़ी चिंता का विषय होगा.

हर्षित राणा भारतीय टीम के लिए एक अहम ऑल-राउंड विकल्प माने जा रहे हैं, जो गेंद के साथ-साथ निचले क्रम में बल्लेबाजी में भी योगदान दे सकते हैं. ऐसे में T20 वर्ल्ड कप 2026 के ओपनिंग मैच में USA के खिलाफ उनकी उपलब्धता संदेह के घेरे में है.

गौरतलब है कि हर्षित से पहले भी टीम इंडिया पहले ही कई चोटों से परेशान है. वॉशिंगटन सुंदर न्यूजीलैंड के खिलाफ वनडे सीरीज के पहले मुकाबले में चोटिल हो गए थे और तब से टीम से बाहर हैं. हालांकि, उनके समय पर फिट होने की उम्मीद जताई जा रही है, लेकिन अब तक कोई आधिकारिक पुष्टि नहीं हुई है.

वहीं, तिलक वर्मा हाल ही में फिट होकर टीम में लौटे हैं, जबकि अक्षर पटेल भी उंगली की चोट से उबर चुके हैं. साउथ अफ्रीका के खिलाफ वॉर्म-अप मैच में अक्षर ने शानदार गेंदबाजी करते हुए एक ओवर में सिर्फ 2 रन देकर एक विकेट भी हासिल किया.

T20 वर्ल्ड कप से ठीक पहले खिलाड़ियों की लगातार चोटें भारतीय टीम की रणनीति और प्लेइंग इलेवन पर असर डाल सकती हैं. अब सबकी नजर हर्षित राणा की मेडिकल रिपोर्ट पर टिकी है, जो तय करेगी कि वह USA के खिलाफ होने वाले पहले मुकाबले में मैदान पर उतर पाएंगे या नहीं.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *