KNEWS DESK- अभिनेत्री मृणाल ठाकुर इन दिनों अपनी आने वाली फिल्म ‘दो दीवाने सहर में’ और हाल ही में रिलीज हुए सिंगल सॉन्ग ‘भीगी भीगी’ को लेकर सुर्खियों में हैं। इस गाने में मृणाल दुलकर सलमान के साथ नजर आई हैं और गीत को दर्शकों से अच्छी प्रतिक्रिया मिल रही है। इसी बीच बीते कुछ समय से मृणाल का नाम अभिनेता धनुष के साथ जोड़े जाने को लेकर भी चर्चा में रहा। यहां तक कि दोनों की शादी की खबरें भी उड़ने लगी थीं, हालांकि बाद में ये सभी खबरें महज अफवाह साबित हुईं।
इन तमाम चर्चाओं के बीच मृणाल ठाकुर ने प्यार को लेकर अपने विचार साझा किए हैं। फिल्मीज्ञान से बातचीत में जब उनसे प्यार के बारे में पूछा गया, तो अभिनेत्री ने कहा कि प्यार एक बेहद सुंदर एहसास है और इस दुनिया में हर किसी को इसका अनुभव होना चाहिए। उनके मुताबिक, प्यार इंसान को बेहतर बनाता है और भीतर छिपे उस बच्चे को नया जीवन देता है, जो कई बार अपनी ही समस्याओं में उलझा रहता है।
मृणाल ने कहा, “प्यार आपको एक बेहतर इंसान में बदल देता है। यह अपने भीतर के बच्चे की समस्याओं को सुलझाने और उसे फिर से जीने जैसा है। यह दुनिया की सबसे खूबसूरत चीज है। मैं दिल से चाहती हूं कि हर किसी को अपने जीवन में सच्चा प्यार मिले।”
जब उनसे यह सवाल किया गया कि क्या प्यार में लड़कियां ज्यादा उदार हो जाती हैं, तो मृणाल ने इस धारणा से असहमति जताई। उन्होंने कहा कि प्यार में उदारता किसी एक जेंडर से जुड़ी नहीं होती। “जो भी प्यार में होता है, वह ज्यादा देने वाला बन जाता है। लेकिन प्यार में सबसे जरूरी बात उसे स्वीकार करना है। कई बार प्यार को समझना और अपनाना आसान नहीं होता, क्योंकि समय के साथ प्यार की परिभाषा बदलती रहती है।”
प्यार को लेकर अपनी बात को आगे बढ़ाते हुए मृणाल ने कहा कि प्यार ही एकमात्र ऐसी चीज है जो स्थिर रहती है। यह इस बात पर निर्भर करता है कि आप इसे कैसे महसूस करते हैं और कैसे अपनाते हैं। उन्होंने कहा कि जब कोई इंसान प्यार में होता है, तो वह बिना किसी फर्क के देने लगता है, चाहे वह स्त्री हो या पुरुष। प्यार में व्यक्ति पूरी तरह खुद को सामने वाले के लिए समर्पित कर देता है।
मृणाल के हालिया गाने ‘भीगी भीगी’ की बात करें तो इस गीत को एआर रहमान ने संगीतबद्ध किया है और इसके बोल इरशाद कामिल ने लिखे हैं। गाने को एआर अमीन और जसलीन रॉयल ने अपनी आवाज दी है।
फिल्मों की बात करें तो मृणाल ठाकुर जल्द ही रोमांटिक ड्रामा ‘दो दीवाने सहर में’ में नजर आएंगी। इस फिल्म में उनके साथ सिद्धांत चतुर्वेदी मुख्य भूमिका में हैं। यह फिल्म दो लोगों के बीच की एक आदर्श प्रेम कहानी और आधुनिक रोमांस को दर्शाती है, जो एक खूबसूरत याद की तरह दिल में बस जाती है। ‘दो दीवाने सहर में’ 20 फरवरी को सिनेमाघरों में रिलीज होने जा रही है।