टैरिफ पर ट्रंप की बड़ी राहत, भारत पर शुल्क 25% से घटकर 18%

KNEWS DESK- भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक संबंधों में एक अहम मोड़ आया है। अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भारत पर लगाए गए टैरिफ में बड़ी कटौती की घोषणा करते हुए इसे 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है। यह फैसला राष्ट्रपति ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के बीच हुई हालिया फोन बातचीत के बाद लिया गया। नई टैरिफ दरें तत्काल प्रभाव से लागू होंगी।

ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि यह सिर्फ शुरुआत है और आने वाले समय में टैरिफ को और कम किया जा सकता है। उनका लक्ष्य इसे धीरे-धीरे शून्य तक लाने का है। इस बातचीत में व्यापार के अलावा रूस–यूक्रेन युद्ध जैसे वैश्विक मुद्दों पर भी चर्चा हुई।

अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘ट्रूथ’ पर पोस्ट करते हुए ट्रंप ने प्रधानमंत्री मोदी की जमकर तारीफ की। उन्होंने लिखा कि पीएम मोदी उनके सबसे अच्छे दोस्तों में से एक हैं और भारत के एक शक्तिशाली व सम्मानित नेता हैं। ट्रंप के मुताबिक, दोनों नेताओं के बीच सहयोग बढ़ाने और ठोस नतीजे हासिल करने पर सहमति बनी है।

व्यापार वार्ता के दौरान अमेरिका से 500 बिलियन डॉलर से अधिक की संभावित खरीद पर भी चर्चा हुई। ट्रंप ने दावा किया कि भारत रूस से तेल खरीदना बंद करेगा और आगे चलकर अमेरिका व वेनेजुएला से तेल आयात करेगा। इसके अलावा भारत द्वारा अमेरिका से बड़ी मात्रा में अन्य उत्पाद खरीदने की बात भी कही गई।

गौरतलब है कि पिछले साल अमेरिका ने भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ लगाया था। इसमें 25 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ और 25 फीसदी अतिरिक्त ‘पेनल्टी’ शामिल थी, जो रूस से तेल खरीदने के कारण लगाई गई थी। इन ऊंचे टैरिफों का सबसे ज्यादा असर भारत के कपड़ा उद्योग, रत्न एवं आभूषण, ऑटो पार्ट्स और इंजीनियरिंग उत्पादों पर पड़ा था।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *