KNEWS DESK- भारत और अमेरिका के बीच व्यापारिक रिश्तों में एक बड़ा सकारात्मक कदम सामने आया है। अमेरिका द्वारा भारत पर लगाए गए टैरिफ में कटौती के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने खुशी जाहिर की है और अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का धन्यवाद किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने कहा कि टैरिफ कम किए जाने से भारत को लाभ होगा और इस फैसले पर राष्ट्रपति ट्रंप से बातचीत कर अच्छा लगा। उन्होंने बताया कि ‘मेक इन इंडिया’ से जुड़े उत्पादों पर टैरिफ अब 18 फीसदी कर दिया गया है। पीएम मोदी ने कहा, “भारत के लोगों की ओर से मैं राष्ट्रपति ट्रंप का शुक्रिया अदा करता हूं। हम अपनी साझेदारी को आने वाले समय में नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।”
प्रधानमंत्री ने आगे कहा कि भारत और अमेरिका दुनिया के दो बड़े लोकतंत्र हैं, जो मिलकर काम कर रहे हैं। उन्होंने राष्ट्रपति ट्रंप की नेतृत्व क्षमता की सराहना करते हुए कहा कि उनकी लीडरशिप शांति और विकास के लिए अहम है। भारत, ट्रंप के शांति प्रयासों के साथ मजबूती से खड़ा है।
गौरतलब है कि अमेरिका ने भारत पर लगाए गए टैरिफ को 25 फीसदी से घटाकर 18 फीसदी कर दिया है, जो तत्काल प्रभाव से लागू हो गए हैं। राष्ट्रपति ट्रंप ने संकेत दिए हैं कि आने वाले समय में इस टैरिफ को और घटाकर शून्य तक लाया जा सकता है।
राष्ट्रपति ट्रंप ने पीएम मोदी को अपना अच्छा दोस्त बताते हुए कहा कि दोनों नेताओं के बीच व्यापार समेत कई अहम मुद्दों पर चर्चा हुई है। उन्होंने यह भी कहा कि भविष्य में भारत रूस के बजाय अमेरिका और वेनेजुएला से तेल खरीदेगा। साथ ही भारत ने ‘बाय अमेरिकन’ पहल को बढ़ावा देने की प्रतिबद्धता जताई है।
ट्रंप ने भरोसा जताया कि आने वाले समय में भारत-अमेरिका संबंध और मजबूत होंगे। उल्लेखनीय है कि पिछले साल अमेरिका ने भारत पर कुल 50 फीसदी टैरिफ लगाया था, जिसमें 25 फीसदी रेसिप्रोकल टैरिफ और 25 फीसदी रूस से तेल खरीदने को लेकर पेनल्टी के रूप में शामिल था।