‘साथ में फिल्में कीं तो जोड़ दिया नाम’…. गोविंदा संग अफेयर की अफवाहों पर नीलम कोठारी ने तोड़ी चुप्पी

KNEWS DESK – 90 के दशक में बॉलीवुड पर राज करने वाले गोविंदा एक बार फिर चर्चा में हैं। एक वक्त था जब उनके घर के बाहर फिल्ममेकर्स की लंबी कतारें लगी रहती थीं, लेकिन बीते कुछ सालों में उनका करियर ठहर सा गया है। फिल्मों में वापसी की कोशिश जरूर हुई, लेकिन 2018 के बाद उनकी फिल्में दर्शकों पर खास असर नहीं छोड़ पाईं। इन दिनों गोविंदा प्रोफेशनल से ज्यादा अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर सुर्खियों में हैं।

हाल ही में पत्नी सुनीता आहूजा के साथ अनबन की खबरों ने तूल पकड़ा, इसी बीच अब एक्ट्रेस नीलम कोठारी ने गोविंदा के साथ अपने कथित लिंकअप को लेकर सालों बाद चुप्पी तोड़ी है।

नीलम कोठारी ने अफेयर की खबरों को बताया अफवाह

नीलम कोठारी ने हाल ही में उषा काकड़े के प्रोडक्शन को दिए इंटरव्यू में गोविंदा के साथ अपने नाम जुड़ने की खबरों पर खुलकर बात की। एक्ट्रेस ने साफ शब्दों में इन अफवाहों को नकारते हुए कहा, “ये किसने बोला? ऐसा कुछ नहीं है।”

नीलम ने गोविंदा की जमकर तारीफ करते हुए कहा कि वह एक बेहतरीन इंसान हैं और दोनों ने साथ में कई सुपरहिट फिल्में की हैं। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ कर दिया कि उनके बीच अफेयर की खबरें पूरी तरह बेबुनियाद थीं।

90s के लिंकअप कल्चर को ठहराया जिम्मेदार

नीलम कोठारी का मानना है कि उस दौर का लिंकअप कल्चर ही इन अफवाहों की सबसे बड़ी वजह था। उन्होंने कहा कि 90 के दशक में अगर कोई अभिनेता-अभिनेत्री दो-तीन फिल्में साथ कर लेते थे, तो उनका नाम जोड़ दिया जाता था। नीलम ने बताया कि उस वक्त कलाकारों के पास सफाई देने का कोई मंच नहीं होता था और प्रेस की ताकत बहुत ज्यादा थी। नीलम ने कहा, “हम उस समय मीडिया से डरते थे, क्योंकि कलम की ताकत ही सबकुछ थी”|

https://www.instagram.com/p/DP1Xnl2Enq5/?

गोविंदा ने खुद कबूल की थी दिल हारने की बात

गौरतलब है कि इससे पहले गोविंदा खुद नीलम कोठारी को लेकर खुलकर बात कर चुके हैं। एक पुराने इंटरव्यू में गोविंदा ने स्वीकार किया था कि नीलम के साथ काम करते-करते वह उन्हें पसंद करने लगे थे। उन्होंने कहा था कि नीलम ऐसी महिला थीं, जिन पर कोई भी दिल हार सकता है और उन्होंने खुद भी अपना दिल गंवा देने की बात मानी थी।

इतना ही नहीं, गोविंदा ने यह भी दावा किया था कि वह सुनीता आहूजा से सगाई तक तोड़ने के बारे में सोच रहे थे। उन्होंने बताया था कि अगर सुनीता ने कुछ दिन बाद उन्हें फोन कर शादी के लिए मनाया न होता, तो शायद वह नीलम से शादी कर लेते।

आखिरकार गोविंदा ने साल 1987 में सुनीता आहूजा से शादी की। इस शादी से उनके दो बच्चे हैं। वहीं, नीलम कोठारी ने पहले इंग्लैंड के बिजनेसमैन ऋषि सेठिया से शादी की थी, लेकिन बाद में दोनों का तलाक हो गया। इसके बाद नीलम ने साल 2011 में अभिनेता समीर सोनी से शादी की और दोनों ने एक बेटी को गोद लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *