महरौली में विकास का नया अध्याय, CM रेखा गुप्ता ने 135 करोड़ रुपये से ज्यादा की परियोजनाओं का किया शिलान्यास

KNEWS DESK – दिल्ली सरकार राजधानी के विकास को लेकर लगातार काम कर रही है और इसी कड़ी में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शनिवार (31 जनवरी) को महरौली विधानसभा क्षेत्र में 135 करोड़ रुपए से अधिक की लागत वाली विकास परियोजनाओं का शिलान्यास किया। यह कदम क्षेत्र के समग्र विकास और लंबित बुनियादी जरूरतों के समाधान की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

सीएम रेखा गुप्ता ने इस अवसर पर कहा कि दिल्ली सरकार ने पहली बार यह सुनिश्चित किया है कि प्रत्येक विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों के लिए फंड की कोई कमी न रहे। महरौली विधानसभा के लिए करीब 235 करोड़ रुपए का फंड मंजूर किया गया है, जिसका उपयोग पीडब्ल्यूडी, सिंचाई एवं बाढ़ नियंत्रण विभाग, दिल्ली जल बोर्ड और डुसिब जैसी एजेंसियों द्वारा योजनाबद्ध और समन्वित तरीके से किया जाएगा।

कौन-कौन सी परियोजनाएं होंगी लागू

मुख्यमंत्री ने बताया कि इन परियोजनाओं के अंतर्गत सड़क पुनर्निर्माण और मरम्मत, जर्जर चौपालों और सामुदायिक भवनों का जीर्णोद्धार, सार्वजनिक शौचालयों का निर्माण और पार्कों का सौंदर्यीकरण शामिल है। बच्चों के लिए झूले लगाए जाएंगे, वहीं युवाओं और वरिष्ठ नागरिकों के लिए नए ओपन जिम उपकरण लगाए जाएंगे।

सीएम ने यह भी कहा कि इन कार्यों के पूर्ण होने से क्षेत्र में ट्रैफिक व्यवस्था में सुधार आएगा, सार्वजनिक स्थल अधिक सुरक्षित बनेंगे और नागरिकों को बेहतर जीवन गुणवत्ता का लाभ मिलेगा।

सीएम रेखा गुप्ता ने महरौली की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत पर जोर देते हुए कहा कि यह केवल विधानसभा क्षेत्र नहीं बल्कि दिल्ली की प्राचीन विरासत का जीवंत प्रतीक है। मां योगमाया मंदिर, गुरुद्वारा, लौह स्तंभ, पुरातत्व पार्क और अन्य ऐतिहासिक स्मारक इस भूमि के हजारों वर्षों के इतिहास की गवाही देते हैं।

प्राथमिकता पर आधारित परियोजनाएं

मुख्यमंत्री ने कहा कि महरौली के समग्र विकास को ध्यान में रखते हुए कई महत्वपूर्ण परियोजनाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। इनमें बदरपुर-महरौली एलिवेटेड रोड परियोजना, मल्टी-लेवल पार्किंग, 100 से 200 बेड के आधुनिक अस्पताल, युवाओं के लिए खेल मैदान और सामुदायिक भवन निर्माण शामिल हैं।

कार्यक्रम में दक्षिण दिल्ली के सांसद रामवीर सिंह बिधूड़ी, महरौली विधायक गजेंद्र यादव और बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित थे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *