KNEWS DESK- महाराष्ट्र में शहरी सत्ता का फैसला करने वाला दिन आज है। मुंबई की बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC) समेत राज्य के 29 नगर निगमों के लिए मतदान जारी है, जो शाम 5:30 बजे तक चलेगा। इस चुनाव को लेकर मतदाताओं में उत्साह देखा जा रहा है, वहीं प्रशासन ने शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित करने के लिए कड़े सुरक्षा इंतजाम किए हैं।
मुंबई के साथ जिन नगर निगमों में मतदान हो रहा है, उनमें ठाणे, नवी मुंबई, उल्हासनगर, कल्याण-डोंबिवली, भिवंडी-निजामपुर, मीरा-भायंदर, वसई-विरार, पनवेल, नासिक, मालेगाव, अहिल्यानगर, जलगाव, धुले, पुणे, पिंपरी-चिंचवड, सोलापुर, कोल्हापुर, इचलकरंजी, सांगली-मिराज-कुपवाड, छत्रपति संभाजीनगर, नांदेड़-वाघाला, परभणी, जालना, लातूर, अमरावती, अकोला, नागपुर और चंद्रपुर शामिल हैं।
बृहन्मुंबई महानगरपालिका के 227 वार्डों में कुल 1,700 उम्मीदवार चुनावी मैदान में हैं। मुंबई में 1.03 करोड़ से अधिक मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग कर सकेंगे। मतदान को लेकर मुंबई पुलिस पूरी तरह सतर्क है। शहरभर में बैरिकेडिंग, संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त बल की तैनाती और वाहनों की जांच की जा रही है।
आरएसएस प्रमुख डॉ. मोहन भागवत ने मतदान करने के बाद कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सरकार चुनने के लिए वोट डालना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। उन्होंने कहा कि संतुलित सोच और जनकल्याण को ध्यान में रखते हुए सही उम्मीदवार का चयन किया जाना चाहिए। उनके अनुसार, मतदान दिन का पहला कर्तव्य है और जनहित सर्वोपरि होना चाहिए।
अभिनेता अक्षय कुमार ने भी वोट डालने के बाद मुंबईवासियों से बड़ी संख्या में मतदान करने की अपील की। उन्होंने कहा कि आज मुंबई का “रिमोट कंट्रोल” जनता के हाथ में है और अगर मुंबई का असली हीरो बनना है, तो केवल बातें नहीं बल्कि मतदान केंद्र तक पहुंचना जरूरी है।
शाम 5:30 बजे मतदान समाप्त होने के बाद यह साफ हो जाएगा कि मुंबई समेत महाराष्ट्र के प्रमुख शहरों में जनता ने किसे अपनी शहरी सरकार की कमान सौंपी है। अब सबकी नजरें इस बात पर टिकी हैं कि “मुंबई का किंग” कौन बनेगा और किसे जनता का सबसे बड़ा समर्थन मिलेगा।