विपक्ष विहीन हो चुका यूपी… पूर्व सीएम अखिलेश यादव पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने कसा तंज

डिजिटल डेस्क- ताजपोशी के बाद पहली बार पश्चिमी उत्तर प्रदेश के दौरे पर मेरठ पहुंचे भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष पंकज चौधरी ने संगठनात्मक बैठक के दौरान कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए सपा, बसपा और कांग्रेस पर तीखा हमला बोला। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश अब विपक्ष विहीन हो चुका है और 2027 के विधानसभा चुनाव में भाजपा तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। चौधरी ने कहा कि मेरठ की धरती से ही चुनावी जीत की क्रांति शुरू होगी। एनएच-58 कंकरखेड़ा बाईपास स्थित ईवाया रिसॉर्ट्स में आयोजित संगठनात्मक बैठक में प्रदेश अध्यक्ष का पूरा फोकस कार्यकर्ताओं को उत्साहित करने और संगठन को मजबूती देने पर रहा। उन्होंने सपा प्रमुख अखिलेश यादव पर तंज कसते हुए कहा कि भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष का कद सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष से भी बड़ा होता है। साथ ही उन्होंने कहा कि भाजपा ही एकमात्र ऐसी पार्टी है, जहां एक सामान्य कार्यकर्ता भी प्रदेश अध्यक्ष और राष्ट्रीय अध्यक्ष बन सकता है, जबकि सपा, कांग्रेस, बसपा और अन्य दलों में शीर्ष पदों तक पहुंचने के लिए कार्यकर्ताओं को “पुनर्जन्म” लेना पड़ता है।

कंधे से कंधा मिलाकर चलने का दिया भरोसा

पंकज चौधरी ने कहा कि वह सातवीं बार सांसद मंडल अध्यक्षों और बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं के बल पर बने हैं। उन्होंने कार्यकर्ताओं को भरोसा दिलाया कि वह हर परिस्थिति में उनके कंधे से कंधा मिलाकर चलेंगे। उन्होंने कहा कि पद छोटा या बड़ा नहीं होता, काम महत्वपूर्ण होता है। पार्टी जिस दायित्व को सौंपे, उसे पूरी निष्ठा से निभाना चाहिए, पार्टी स्वयं कार्यकर्ता की चिंता करती है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि दिल्ली का रास्ता उत्तर प्रदेश से होकर ही जाता है। यदि कोई शिकायत या सुझाव हो तो कार्यकर्ता सीधे उनसे संपर्क करें। उन्होंने दावा किया कि पश्चिमी यूपी के कार्यकर्ताओं के बल पर ही 2027 में भाजपा को प्रचंड बहुमत मिलेगा। मेरठ का उदाहरण देते हुए उन्होंने कहा कि जिस धरती से क्रिकेट का बैट दुनिया भर में निर्यात होता है, वहीं से भाजपा की जीत की गूंज पूरे प्रदेश में जाएगी।

भाजपा सरकार की उपलब्धियों का किया जिक्र

उन्होंने केंद्र और राज्य सरकार की उपलब्धियों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को 28 देशों ने अपने सर्वोच्च नागरिक सम्मान से सम्मानित किया है। कोरोना काल में भारत ने कई देशों को वैक्सीन देकर मानवता का परिचय दिया। आज भारत की अर्थव्यवस्था दुनिया में चौथे स्थान पर पहुंच चुकी है और 2047 तक देश विकसित राष्ट्र बनेगा। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उत्तर प्रदेश की तस्वीर और तकदीर दोनों बदल दी है। कार्यक्रम के बाद क्षेत्रीय कार्यालय में प्रदेश अध्यक्ष ने क्षेत्रीय कार्यसमिति की बैठक भी ली। उन्होंने कार्यकर्ताओं को अटल बिहारी वाजपेयी की जन्म शताब्दी और एसआईआर से जुड़े अभियानों को पूरी गंभीरता से जमीन पर उतारने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि एक-एक बूथ पर काम हुआ तो जीत सुनिश्चित है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *