KNEWS DESK- राजधानी लखनऊ में शुक्रवार को सुल्तानपुर रोड स्थित गुलजार उपवन में ब्रह्मकुमारीज संस्थान की ओर से आयोजित राज्यस्तरीय ध्यान योग कार्यक्रम का आयोजन हुआ। इस कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू शामिल हुईं। उनके साथ मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ और राज्यपाल आनंदीबेन पटेल भी मौजूद थे।
कार्यक्रम में मंच पर मुख्यमंत्री और राज्यपाल ने राष्ट्रपति का स्वागत किया। बड़ी संख्या में लोग इस कार्यक्रम में शामिल हुए और सुरक्षा के कड़े इंतजाम किए गए थे। बिना पास और सुरक्षा जांच के किसी को प्रवेश नहीं दिया गया।
कार्यक्रम में बच्चियों ने मयूर नृत्य से राष्ट्रपति का स्वागत किया। इसके साथ ही दीदियों को कलश और भाइयों को ध्वजा देकर राष्ट्रपति ने सम्मानित किया। छत्तीसगढ़ के कलाकार हितेश ने राष्ट्रपति के स्वागत में गुलजार दादी और राष्ट्रपति की रंगोली बनाई।
संस्थान के अतिरिक्त महासचिव डॉ. बीके मृत्युंजय भाई ने बताया कि राष्ट्रपति के लिए एक विशेष कक्ष बनाया गया है, जहां वह कुछ समय के लिए ध्यान करेंगी।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कार्यक्रम में कहा कि यह हमारे लिए गौरव का क्षण है कि ध्यान योग को लेकर इतना बड़ा अभियान शुरू किया जा रहा है और राष्ट्रपति की मौजूदगी इसे और महत्वपूर्ण बनाती है। उन्होंने ब्रह्मकुमारीज से जुड़े सभी कार्यकर्ताओं और पदाधिकारियों को बधाई दी और कहा कि राजयोग के माध्यम से सकारात्मक ऊर्जा का प्रचार समाज में फैल रहा है।
राज्यपाल आनंदीबेन पटेल ने कहा कि ब्रह्मकुमारीज की स्थापना 1937 में हुई थी और यह संस्था विभिन्न आयामों से राष्ट्र निर्माण में योगदान दे रही है। उन्होंने कहा कि राजयोग मेडिटेशन व्यक्ति को सद्गुण की ओर अग्रसर करता है और तनाव को दूर करता है।
राज्यपाल ने बताया कि मेडिटेशन हमें आत्मा की अमरता का बोध कराता है और स्वयं के आध्यात्मिक अनुभव से मृत्यु का डर भी पीछे छूट जाता है। उन्होंने कहा कि स्वयं में परिवर्तन से ही समाज और विश्व में परिवर्तन की राह खुलती है। इस कार्यक्रम ने ध्यान, सकारात्मक ऊर्जा और आध्यात्मिक विकास को लेकर लोगों में उत्साह और जागरूकता फैलाने का काम किया।