सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर अखिलेश यादव ने जताया शोक, कहा- ‘अत्यंत दुःखद’

KNEWS DESK- समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने घोसी विधानसभा से सपा विधायक सुधाकर सिंह के निधन पर गहरा शोक व्यक्त किया है। उन्होंने एक्स (पूर्व में ट्विटर) पर श्रद्धांजलि देते हुए लिखा— “घोसी विधानसभा से समाजवादी पार्टी के विधायक श्री सुधाकर सिंह जी का निधन, अत्यंत दुःखद! ईश्वर उनकी आत्मा को शांति दें। शोक संतप्त परिजनों को यह असीम दुःख सहने का संबल प्राप्त हो। भावभीनी श्रद्धांजलि!”

घोसी सीट के लोकप्रिय विधायक सुधाकर सिंह का गुरुवार सुबह लखनऊ के मेदांता अस्पताल में निधन हो गया। वे 67 वर्ष के थे। उनके निधन से न सिर्फ समाजवादी पार्टी में, बल्कि पूर्वांचल की राजनीति में भी शोक की लहर दौड़ गई है।

सूत्रों के मुताबिक, 17 नवंबर को दिल्ली में मुख्तार अंसारी के छोटे बेटे उमर अंसारी के रिसेप्शन से लौटने के बाद उनकी तबीयत अचानक बिगड़ गई थी। स्वास्थ्य में सुधार न होने पर मंगलवार को उन्हें लखनऊ शिफ्ट किया गया। मेदांता अस्पताल के डॉक्टरों की टीम उनकी देखरेख कर रही थी, लेकिन गुरुवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली।

सपा विधायक सुधाकर सिंह घोसी क्षेत्र में बेहद लोकप्रिय और जमीनी नेता माने जाते थे। हाल ही में उपचुनाव में उनकी भारी जीत ने उन्हें एक बार फिर चर्चा में ला दिया था। उनके निधन से पार्टी को बड़ा राजनीतिक नुकसान हुआ है।

सुधाकर सिंह के आकस्मिक निधन ने उनके समर्थकों, कार्यकर्ताओं और क्षेत्र की जनता को गहरे सदमे में डाल दिया है। समाजवादी पार्टी ने उन्हें समर्पित, ईमानदार और जनता के हित में काम करने वाला नेता बताया है।