डिजिटल डेस्क- मध्य प्रदेश आज अपने 70वें स्थापना दिवस पर ऐतिहासिक उपलब्धि के साथ नई ऊंचाईयों को छू रहा है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने शुक्रवार को राजधानी भोपाल में ‘पीएम श्री हवाई पर्यटन हेलीकॉप्टर सेवा’ का शुभारंभ किया। इस सेवा के शुरू होने के साथ ही मध्य प्रदेश देश का पहला राज्य बन गया है, जिसने इंट्रा स्टेट एयर कनेक्टिविटी यानी राज्य के भीतर हेलीकॉप्टर के जरिए पर्यटन और तीर्थ यात्रा की सुविधा प्रदान की है। स्थापना दिवस के इस खास मौके पर मुख्यमंत्री मोहन यादव ने प्रदेशवासियों को हार्दिक शुभकामनाएं देते हुए कहा कि “मध्य प्रदेश की यह 70 साल की यात्रा समर्पण, संकल्प और सतत विकास का प्रतीक है। यह दिन हमें हमारे पूर्वजों की मेहनत, उनके जज्बे और लोकतांत्रिक मूल्यों के प्रति आस्था की याद दिलाता है। मुख्यमंत्री ने आगे कहा कि आज का मध्य प्रदेश देश के विकसित राज्यों में अपनी पहचान बना चुका है। उन्होंने प्रदेशवासियों से आह्वान किया कि वे एकजुट होकर ‘विकसित, आत्मनिर्भर और सशक्त मध्य प्रदेश’ के निर्माण में अपनी सक्रिय भूमिका निभाएं।
पर्यटकों और श्रद्धालुओं के लिए नई सुविधा
मुख्यमंत्री ने ‘पीएम श्री पर्यटन हेली सेवा’ के तहत पहली हेलीकॉप्टर उड़ान को भोपाल से उज्जैन के लिए रवाना किया। यह सेवा राज्य में पर्यटन को बढ़ावा देने और तीर्थ यात्रियों को सुगम व तेज यात्रा सुविधा प्रदान करने के उद्देश्य से शुरू की गई है। अब पर्यटक हेलीकॉप्टर के माध्यम से उज्जैन, ओरछा, खजुराहो, अमरकंटक और बांधवगढ़ जैसे प्रमुख धार्मिक व ऐतिहासिक स्थलों तक आसानी से पहुंच सकेंगे। इस पहल से राज्य के पर्यटन उद्योग को नई दिशा मिलने की उम्मीद है। मुख्यमंत्री ने बताया कि आने वाले समय में इस सेवा का विस्तार ग्वालियर, जबलपुर, इंदौर और रीवा तक किया जाएगा।
70वें स्थापना दिवस पर प्रदेश में जश्न का माहौल
स्थापना दिवस के अवसर पर पूरे प्रदेश में विविध सांस्कृतिक कार्यक्रम, झांकी प्रदर्शन, महिला सशक्तिकरण प्रदर्शनी और नवाचार मेले का आयोजन किया गया। राजधानी भोपाल में ‘विकसित मध्य प्रदेश’ थीम पर एक भव्य परेड भी निकाली गई। मुख्यमंत्री ने कहा, “मध्य प्रदेश आज आत्मनिर्भर भारत के विजन की दिशा में अग्रसर है। पीएम श्री हेलीकॉप्टर सेवा इसका प्रतीक है कि हम पर्यटन, रोजगार और तकनीकी विकास तीनों को एक साथ आगे बढ़ा रहे हैं।