बिहार चुनाव 2025: भाजपा का नया नारा, “25 से 30, हमारे दो भाई नरेंद्र और नीतीश”

KNEWS DESK- बिहार में आगामी विधानसभा चुनाव का बिगुल बज चुका है और चुनावी सरगर्मी पूरे चरम पर है। चुनाव आयोग द्वारा चुनाव की तारीखों की घोषणा होते ही भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने अपने प्रचार अभियान को गति देते हुए स्पष्ट कर दिया है कि नीतीश कुमार ही 2025 से 2030 तक मुख्यमंत्री पद के चेहरे होंगे। भाजपा ने नया चुनावी नारा दिया है “25 से 30, हमारे दो भाई – नरेंद्र और नीतीश”

इस नारे के जरिए भाजपा ने एक बार फिर यह संदेश देने की कोशिश की है कि वह मुख्यमंत्री पद को लेकर पूरी तरह स्पष्ट है और विपक्ष के भ्रम फैलाने के प्रयासों को खारिज करती है।

भाजपा ने अपने आधिकारिक सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म्स पर कई नारों और पोस्ट्स के ज़रिए जनता तक यह संदेश पहुंचाया कि विकास का सिलसिला तभी जारी रहेगा जब NDA सरकार फिर से सत्ता में आएगी। कुछ प्रमुख नारे इस प्रकार हैं- “बिहार में जारी रहेगी विकास की तेज रफ्तार, 14 नवंबर को फिर एक बार NDA सरकार”, “जनता का विश्वास, फिर से NDA सरकार! बस 38 दिन का है इंतज़ार, थमेगी नहीं विकास की रफ्तार।”, “बिहार की जनता का मूड, मन-मिजाज सिर्फ NDA के साथ, 160 से अधिक सीटों पर जीतकर 14 नवंबर को फिर आ रही प्रचंड बहुमत की सरकार!”

इन नारों से साफ है कि भाजपा “विकास बनाम जंगलराज” की रेखा पर ही चुनाव लड़ने जा रही है, और नीतीश कुमार के नाम को आगे रखकर स्थायित्व और अनुभव पर भरोसा जता रही है।

2020 के विधानसभा चुनाव में, भाजपा नीतीश कुमार को “बड़ा भाई” मानते हुए उनके नेतृत्व में चुनाव लड़ी थी, जबकि जेडीयू को सिर्फ 43 सीटें मिली थीं और भाजपा को अधिक। इसके बावजूद NDA ने वादा निभाते हुए नीतीश कुमार को ही मुख्यमंत्री बनाया। अब एक बार फिर भाजपा ने स्पष्ट किया है कि 2025 के चुनाव में भी यही नेतृत्व रहेगा।

इस बार विपक्ष लगातार आरोप लगा रहा है कि भाजपा चुनाव के बाद नीतीश कुमार को हटाने की योजना बना रही है, लेकिन भाजपा ने इन अटकलों को अपने नए नारों और स्पष्ट घोषणाओं के माध्यम से खारिज कर दिया है।