कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की तबीयत बिगड़ी, पीएम मोदी ने फोन कर जाना हालचाल

KNEWS DESK- कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे को मंगलवार को सांस लेने में परेशानी के बाद बेंगलुरु के एमएस रमैया अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरी सलाह के बाद उनकी पेसमेकर सर्जरी की गई, जो सफल रही। वर्तमान में उनकी हालत स्थिर है और धीरे-धीरे सुधार हो रहा है।

खरगे के बेटे और कर्नाटक के मंत्री प्रियांक खरगे ने बुधवार को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X पर जानकारी साझा की। उन्होंने बताया कि डॉक्टरों ने सांस लेने में तकलीफ और अनियमित हार्टबीट के कारण पेसमेकर लगाने की सिफारिश की थी। सर्जरी सफल रही है और खरगे जी अब बेहतर महसूस कर रहे हैं।

इस बीच, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने मल्लिकार्जुन खरगे से फोन पर बात कर उनके स्वास्थ्य का हाल जाना। उन्होंने X पर पोस्ट करते हुए लिखा “खरगे जी से बात की। उनके स्वास्थ्य के बारे में जानकारी ली और उन्हें जल्द स्वस्थ होने की शुभकामनाएं दीं। उनके अच्छे स्वास्थ्य और दीर्घायु के लिए प्रार्थना करता हूं।”

प्रधानमंत्री की यह संवेदनशील पहल भारतीय राजनीति में सौहार्द्र और सम्मान की भावना को दर्शाती है, भले ही विचारधाराएं भिन्न हों।

मल्लिकार्जुन खरगे, जो अक्टूबर 2022 में कांग्रेस अध्यक्ष बने, पार्टी के वरिष्ठतम नेताओं में से एक हैं। वे कई दशकों से सार्वजनिक जीवन में सक्रिय हैं और सांसद, केंद्रीय मंत्री और विपक्ष के नेता जैसे महत्वपूर्ण पदों पर रह चुके हैं।

कांग्रेस पार्टी और उनके समर्थकों के लिए यह राहत की बात है कि खरगे की सेहत में सुधार हो रहा है। देशभर से उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामनाएं लगातार आ रही हैं।