‘झारखंड की जनता चुनाव में इसका जवाब देगी’, CM सोरेन की गिद्ध टिप्पणी पर चिराग पासवान का पलटवार

KNEWS DESK-  केंद्रीय मंत्री और लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) के अध्यक्ष चिराग पासवान ने झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की “गिद्ध” वाली टिप्पणी की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री की इस तरह की भाषा के लिए झारखंड की जनता आगामी विधानसभा चुनाव में उन्हें करारा जवाब देगी। चिराग पासवान झारखंड के दो दिवसीय दौरे पर हैं और लातेहार व पलामू में रैलियों को संबोधित कर रहे हैं। इस दौरान उन्होंने हेमंत सोरेन के बयान पर प्रतिक्रिया दी, जिसमें सोरेन ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा को लेकर कहा था कि अब “दूसरे राज्यों के नेता गिद्ध की तरह झारखंड में मंडराएंगे।”

चिराग पासवान ने कहा, “मुख्यमंत्री की ऐसी भाषा अस्वीकार्य है और इसका जवाब जनता चुनाव में देगी। जनता का फैसला साफ करेगा कि उन्हें किस प्रकार की राजनीति पसंद है।” चिराग पासवान का यह बयान उस समय आया है जब झारखंड में इस साल के अंत में विधानसभा चुनाव होने की संभावना है। भाजपा ने राज्य में झामुमो सरकार की नाकामियों को उजागर करने के लिए परिवर्तन यात्रा शुरू की है, जो 20 सितंबर से 3 अक्टूबर तक चलेगी। इस यात्रा का उद्देश्य पूरे राज्य के 24 जिलों के 81 विधानसभा क्षेत्रों में 5,400 किलोमीटर की दूरी तय करके सरकार को सत्ता से बाहर करना है।

हेमंत सोरेन का विवादित बयान

मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा पर निशाना साधते हुए कहा था, “झारखंड में गिद्धों का झुंड आ रहा है, सतर्क रहें। वे धर्म और जाति के नाम पर दंगा फैलाएंगे।” सोरेन के इस बयान ने राजनीतिक हलकों में हलचल मचा दी और भाजपा के साथ-साथ चिराग पासवान जैसे कई नेताओं ने उनकी आलोचना की।

तिरुपति मंदिर प्रसाद विवाद पर प्रतिक्रिया

रांची के बिसरा मुंडा एयरपोर्ट पर पत्रकारों से बात करते हुए चिराग पासवान ने आंध्र प्रदेश के तिरुपति बालाजी मंदिर के प्रसाद विवाद पर भी अपनी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने इस घटना को “चिंताजनक और निंदनीय” बताया और कहा कि इसमें शामिल लोगों के खिलाफ सख्त कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने आश्वासन दिया कि भविष्य में ऐसी घटनाएं न हों, इसके लिए सरकार कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित करेगी।

विदेशों में भारत का सम्मान बढ़ा: चिराग पासवान

चिराग पासवान ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की विदेश नीति की भी सराहना की। उन्होंने कहा, “प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत को अब विदेशों में भी बहुत सम्मान मिल रहा है। दुनिया अब भारत को सुनती है और उसकी बातों का सम्मान करती है।” पासवान ने इस बात पर जोर दिया कि देश की वैश्विक स्थिति में सुधार हुआ है और भारत अब एक मजबूत और सम्मानित देश के रूप में उभर रहा है। इस दौरे के दौरान चिराग पासवान ने स्पष्ट किया कि राज्य में लोक जनशक्ति पार्टी (राम विलास) गठबंधन में चुनाव लड़ेगी या अकेले, इसका निर्णय पार्टी की राज्य इकाई करेगी।

ये भी पढ़ें-  ओडिशा: मुख्यमंत्री माझी से मिलने पहुंची यौन शोषण की शिकार आर्मी अफसर की मंगेतर, दोषी पाए जाने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के दिए आदेश

About Post Author

Leave a Reply

Your email address will not be published.