ट्रायल के बाद फिर बंद हुआ दिल्ली-मुंबई लिंक एक्सप्रेसवे, जानें क्या है वजह

सुरक्षा खामियों को दूर करने के लिए NHAI ने उठाया कदम, कालिंदीकुंज समेत दिल्ली की कई सड़कों पर बढ़ा जाम

Knews desk- दिल्ली-मुंबई लिंक एक्सप्रेसवे को ट्रायल के लिए खोले जाने के बाद एक बार फिर बंद कर दिया गया है। सड़क पर सुरक्षा से जुड़ी कुछ कमियां सामने आने के बाद भारतीय राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (NHAI) ने यह फैसला लिया है। एक्सप्रेसवे बंद होने से कालिंदीकुंज और आसपास के इलाकों में यातायात का दबाव बढ़ गया है।

दिल्ली ट्रैफिक पुलिस ने स्थिति को देखते हुए एडवाइजरी जारी की है। इसमें वाहन चालकों को संभावित जाम से बचने के लिए वैकल्पिक मार्ग अपनाने की सलाह दी गई है। कालिंदीकुंज में लोगों को एक से दो घंटे तक ट्रैफिक में फंसना पड़ रहा है।

दिल्ली पुलिस के अनुसार, जैतपुर से सराय काले खां और आश्रम की ओर जाने वाला एक्सप्रेसवे का हिस्सा मदनापुर खादर के पास अस्थायी रूप से बंद किया गया है। यह प्रतिबंध अगले आदेश तक जारी रहेगा। पुलिस ने दोबारा सड़क खोलने की कोई निश्चित तारीख नहीं बताई है।

ट्रायल में मिलीं ये सुरक्षा खामियां

सूत्रों के मुताबिक, ट्रायल के दौरान ट्रैफिक पुलिस ने एक्सप्रेसवे पर कुछ मर्जिंग पॉइंट, स्पीड ब्रेकर और साइनबोर्ड से जुड़ी कमियां चिन्हित की थीं। इन खामियों को दूर करने के लिए NHAI अब रंबल स्ट्रिप्स, रिफ्लेक्टर और अन्य सुरक्षा इंतजाम कर रहा है।

माना जा रहा है कि जरूरी सुधार पूरे होने के बाद करीब एक सप्ताह से 10 दिन के भीतर सड़क पर यातायात दोबारा शुरू हो सकता है। हालांकि, NHAI की ओर से अभी तक इस संबंध में कोई आधिकारिक बयान या निश्चित समयसीमा जारी नहीं की गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *