पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा में मस्जिद में धमाका, 15 लोगों की मौत, 25 से ज्यादा घायल

Knews Desk- पाकिस्तान के खैबर पख्तूनख्वा प्रांत में शुक्रवार को जुमे की नमाज के दौरान एक मस्जिद में भीषण धमाका हुआ। यह घटना कोहाट में ओल्ड पुलिस लाइन के पास स्थित मस्जिद में हुई। धमाके के बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। शुरुआती जानकारी के मुताबिक, हमलावरों की ओर से अंधाधुंध फायरिंग किए जाने की भी बात सामने आई है।

सूत्रों के अनुसार, धमाके में अब तक 15 लोगों की मौत हो गई है, जबकि 25 से अधिक लोग घायल बताए जा रहे हैं। घायलों को इलाज के लिए आसपास के अस्पतालों में भर्ती कराया गया है। घटना के बाद सुरक्षा बलों और बचाव दल ने मौके पर पहुंचकर राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया।

खैबर पख्तूनख्वा के इंस्पेक्टर जनरल जुल्फिकार हमीद ने बताया कि धमाका कोहाट पुलिस लाइन्स की एक मस्जिद में हुआ। उन्होंने कहा कि घटनास्थल पर बचाव अभियान जारी है और घायलों को अस्पताल पहुंचाया जा रहा है।

शुरुआती जांच में सामने आया है कि विस्फोटक से लदी एक गाड़ी को ओल्ड पुलिस लाइन में घुसाया गया था। इसके बाद मस्जिद में धमाका हुआ। हालांकि, अभी यह स्पष्ट नहीं है कि विस्फोट किस तरह हुआ और इस हमले के पीछे कौन लोग या संगठन शामिल हैं।

धमाके के बाद पूरे इलाके में सुरक्षा बढ़ा दी गई है। जांच एजेंसियां घटनास्थल से सबूत जुटा रही हैं और हमले की परिस्थितियों का पता लगाने की कोशिश की जा रही है। अधिकारियों के मुताबिक, जांच पूरी होने के बाद ही घटना से जुड़े अन्य विवरण सामने आ सकेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *