KNEWS DESK- दक्षिणी फिलीपींस के साउथ कोटाबाटो प्रांत के बांगा शहर स्थित एक हाई स्कूल में शुक्रवार को गोलीबारी की घटना से हड़कंप मच गया। हमले में हमलावर समेत तीन लोगों की मौत हो गई, जबकि आठ लोग घायल हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, घायलों में चार की हालत गंभीर है। घटना में प्रभावित सभी लोगों की उम्र 14 से 17 साल के बीच बताई गई है।
बांगा शहर के मेयर अल्बर्ट पालेन्सिया ने बताया कि हमलावर अपने दोस्तों के साथ बैठा था। उसने दोस्तों से कहा था कि लंच के बाद वह अपने प्लान को अंजाम देने वाला है। दोस्तों ने उसकी बात को मजाक समझकर गंभीरता से नहीं लिया। मेयर के अनुसार, लंच के बाद हमलावर ने छात्रों पर गोली चलाना शुरू कर दिया। उसने करीब 10 छात्रों को निशाना बनाया और इसके बाद खुद को भी गोली मार ली। घटना में तीन लोगों की मौत हुई है और आठ घायल हैं।
फिलीपींस के स्कूलों में इस तरह की गोलीबारी पहले बेहद कम होती थी, लेकिन जून के बाद से यह तीसरी जानलेवा घटना बताई जा रही है। पिछले महीने दक्षिणी हिस्से के जाम्बोआंगा में एक छात्र ने क्लासरूम में दूसरे छात्र की गोली मारकर हत्या की थी और फिर खुदकुशी कर ली थी। जून में टैकलोबन के एक पब्लिक हाई स्कूल में गोलीबारी में कम से कम तीन छात्रों की मौत और करीब 20 लोग घायल हुए थे।
साउथ कोटाबाटो के गवर्नर रेनाल्डो तमायो ने माता-पिता और बंदूक मालिकों से अपील की कि हथियार नाबालिगों की पहुंच से दूर रखें। उन्होंने बंदूक रखने में जिम्मेदारी बरतने की जरूरत पर जोर दिया।