ममता की उम्मीदवार पहुंचीं शुभेंदु के दरबार, नंदीग्राम में बढ़ी सियासी हलचल

Knews Desk- ममता बनर्जी की ओर से नंदीग्राम से उम्मीदवार घोषित की गईं संचिता प्रधान शुक्रवार को कोलकाता सचिवालय पहुंचीं और मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। इसके बाद उनके बीजेपी के समर्थन में जाने की अटकलें तेज हो गई हैं।

पश्चिम बंगाल की राजनीति में नंदीग्राम सीट को लेकर हलचल बढ़ गई है। ममता बनर्जी की पार्टी तृणमूल कांग्रेस (TMC) की ओर से नंदीग्राम से उम्मीदवार घोषित की गईं संचिता प्रधान ने शुक्रवार को मुख्यमंत्री शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। संचिता प्रधान नबान्न स्थित सचिवालय पहुंचीं, जहां उन्होंने शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात की। यह मुलाकात ऐसे समय हुई है जब तृणमूल कांग्रेस के नाम और चुनाव चिह्न को लेकर भी विवाद चल रहा है। इससे पहले चुनाव आयोग ने दोनों प्रतिद्वंद्वी गुटों के लिए अलग नाम और चुनाव चिह्न आवंटित किए हैं। इसी घटनाक्रम के बीच संचिता प्रधान की शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात को राजनीतिक रूप से महत्वपूर्ण माना जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, संचिता को कुछ दिन पहले ही नंदीग्राम विधानसभा सीट से उम्मीदवार घोषित किया गया था। मुलाकात के बाद उनके बीजेपी के समर्थन में जाने की अटकलें सामने आई हैं। हालांकि, उनके पाला बदलने को लेकर अभी कोई आधिकारिक घोषणा सामने नहीं आई है। नंदीग्राम लंबे समय से पश्चिम बंगाल की राजनीति में अहम सीट रही है। 2021 के विधानसभा चुनाव में ममता बनर्जी ने खुद नंदीग्राम से चुनाव लड़ा था और शुभेंदु अधिकारी के खिलाफ मैदान में उतरी थीं। चुनाव में शुभेंदु अधिकारी ने ममता बनर्जी को हराया था।

2026 के चुनाव में भी शुभेंदु अधिकारी नंदीग्राम से मैदान में उतरे थे। बाद में उन्होंने यह सीट छोड़ दी। बीजेपी ने यहां शुभेंदु अधिकारी के पूर्व पीए चंद्रनाथ रथ की मां हासिरानी रथ को उम्मीदवार बनाया। चुनाव परिणाम के बाद चंद्रनाथ रथ की हत्या की खबर भी सामने आई थी। अब संचिता प्रधान की शुभेंदु अधिकारी से मुलाकात ने नंदीग्राम की सियासत को फिर चर्चा में ला दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *