गर्मी से पहले कामवाली को मिला खास तोहफा, मालकिन को गले लगाकर रो पड़ी, वीडियो वायरल

KNEWS DESK – सोशल मीडिया पर जहां अक्सर शोर-शराबे और विवादों से भरे वीडियो वायरल होते हैं, वहीं कभी-कभी कुछ ऐसे लम्हे भी सामने आ जाते हैं जो दिल को सुकून दे जाते हैं। इन दिनों Instagram पर एक ऐसा ही भावुक कर देने वाला वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है, जिसने लाखों लोगों का दिल जीत लिया है।

इंसानियत से भरा एक छोटा सा सरप्राइज

यह वीडियो Instagram के हैंडल “@lifeofcocoandchico” से शेयर किया गया है। आमतौर पर यह पेज अपने पालतू कुत्तों से जुड़े कंटेंट के लिए जाना जाता है, लेकिन इस बार वीडियो में एक खूबसूरत इंसानी रिश्ता देखने को मिला।

वीडियो की शुरुआत में घर की हाउस हेल्प किचन में सफाई करती नजर आती हैं। तभी घर की मालकिन उन्हें आवाज देती हैं और कहती हैं, “दीदी, मेरे पास आपके लिए कुछ है।” थोड़ी हैरानी और उत्सुकता के साथ वह दूसरे कमरे में पहुंचती हैं, जहां उनके लिए एक बड़ा सा गिफ्ट पैक रखा होता है।

https://www.instagram.com/reels/DW-2VlZkYKR/

गिफ्ट खोलते ही छलक पड़ी खुशी

जैसे ही उन्हें पता चलता है कि इस बॉक्स में एक नया एयर कूलर है, उनकी खुशी देखते ही बनती है। उनका चेहरा खिल उठता है और वे खुद को रोक नहीं पातीं, सीधे जाकर अपनी मालकिन को गले लगा लेती हैं।

यह पल इतना सच्चा और भावनाओं से भरा था कि देखने वाले भी भावुक हो गए। उनकी आंखों में झलकता आभार और चेहरे पर सुकून ने इस वीडियो को खास बना दिया।

वीडियो ने दिया बड़ा संदेश

वीडियो के साथ लिखा गया कैप्शन भी लोगों के दिल को छू गया, “हम अपनी हाउस हेल्प का ख्याल रखते हैं, जो हमारा और हमारे पालतू जानवरों का अपने बच्चों की तरह ख्याल रखती है।”

महज 24 घंटे के भीतर इस वीडियो को 18 लाख से ज्यादा बार देखा जा चुका है। कमेंट सेक्शन में लोग परिवार की जमकर तारीफ कर रहे हैं। किसी ने इसे “दिल पिघला देने वाला पल” बताया, तो किसी ने लिखा, “ऐसी छोटी-छोटी खुशियां ही दुनिया को खूबसूरत बनाती हैं।”