तेलंगाना में ममता शर्मसार, प्रेमी संग मिलकर 2 साल के मासूम को जमीन पर पटककर उतारा मौत के घाट, 20 दिन बाद खुल गया कलयुगी मां का राज

डिजिटल डेस्क- तेलंगाना के मेडचल जिले से एक दिल दहला देने वाली और बेहद क्रूर घटना सामने आई है। यहाँ कीसारा थाना क्षेत्र में एक कलयुगी मां ने अपने प्रेमी के साथ मिलकर अपने ही दो साल के मासूम बेटे हरिकृष्णा की बेरहमी से हत्या कर दी। इस खौफनाक वारदात को अंजाम देने के बाद महिला ने अपने पति को गुमराह करने के लिए बच्चे की सामान्य मौत का झूठा नाटक रचा और उसका अंतिम संस्कार भी करवा दिया। हालांकि, पाप का यह घड़ा 20 दिन बाद फूट गया और पुलिस ने सच सामने आने पर शव को कब्र से बाहर निकालकर दोबारा पोस्टमार्टम कराया है।

अवैध संबंध के बीच रोने पर मासूम को जमीन पर पटका

पुलिस के मुताबिक, मूल रूप से सिद्दिपेट जिले के टीगुल गांव का रहने वाला पीड़ित स्वामी एक टैक्सी ड्राइवर है और अपनी पत्नी ज्योति, चार साल की बेटी व दो साल के बेटे हरिकृष्णा के साथ कीसारा में रह रहा था। शादी से पहले ज्योति का नवीन नाम के युवक से प्रेम प्रसंग था, जो शादी के बाद भी जारी रहा। गत 29 मई को जब स्वामी अपनी टैक्सी ड्यूटी पर गया था, तब नवीन ज्योति के घर पहुंचा। इस दौरान जब दोनों घर में अकेले थे, तो दो साल का मासूम हरिकृष्णा जोर-जोर से रोने लगा। बच्चे के रोने से अपने एकांत में खलल पड़ता देख भड़के प्रेमी नवीन ने उसे रास्ते से हटाने की बात कही, जिस पर सगी मां ज्योति भी तैयार हो गई। दोनों ने मिलकर मासूम के पैर पकड़े, उसे हवा में लहराया और पूरी ताकत से जमीन पर पटक दिया, जिससे सिर में गंभीर चोट लगने के कारण बच्चे ने मौके पर ही दम तोड़ दिया।

दौरे से मौत की झूठी कहानी गढ़कर दफनाया शव

मर्डर को छुपाने के लिए शातिर मां ने रोने का नाटक शुरू किया और ड्यूटी से लौटे पति स्वामी को विश्वास दिलाया कि बेटे को अचानक गंभीर दौरा (फिट्स) पड़ा था, जिससे उसकी मौत हो गई। बेबस पिता ने पत्नी की बात पर भरोसा कर लिया और बच्चे के शव को पैतृक गांव टीगुल ले जाकर दफना दिया गया। लेकिन अपराध कभी छिपता नहीं है, पिछले कुछ दिनों से स्वामी को अपनी पत्नी के बदले हुए व्यवहार पर गहरा शक होने लगा था। आखिरकार स्वामी ने अपने रिश्तेदारों को इकट्ठा कर जब ज्योति से सख्ती से पूछताछ की, तो पारिवारिक दबाव में आकर उसने सच उगल दिया कि उसने और नवीन ने मिलकर बच्चे को मार डाला था।

20 दिन बाद खुला राज, कब्र से निकाला गया शव और मां गिरफ्तार

सच्चाई सामने आते ही पीड़ित पति स्वामी ने तुरंत कीसारा पुलिस स्टेशन पहुंचकर अपनी पत्नी और उसके प्रेमी के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कराया। घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में टीगुल गांव के श्मशान घाट से बच्चे के शव को कब्र खोदकर बाहर निकाला और डॉक्टरों की टीम ने मौके पर ही शव का दोबारा पोस्टमार्टम किया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए हत्यारी मां ज्योति को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है, जबकि फरार प्रेमी नवीन की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *