अब पढ़ते ही गायब होंगे मैसेज, WhatsApp ला रहा बड़ा प्राइवेसी फीचर

KNEWS DESK – मैसेजिंग ऐप WhatsApp अपने यूजर्स के लिए एक बड़ा प्राइवेसी अपडेट लाने की तैयारी में है, जो चैटिंग के तरीके को पूरी तरह बदल सकता है। इस नए फीचर के तहत अब मैसेज भेजते ही नहीं, बल्कि पढ़े जाने के बाद अपने आप गायब होंगे। यानी यूजर्स को अपने मैसेज पर पहले से ज्यादा कंट्रोल मिलने वाला है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी “आफ्टर रीडिंग” नाम के एक नए ऑप्शन पर काम कर रही है। अभी तक डिसअपियरिंग मैसेज फीचर में टाइमर मैसेज भेजते ही शुरू हो जाता है, लेकिन नए अपडेट में टाइमर तभी एक्टिव होगा जब सामने वाला यूजर मैसेज को ओपन करेगा। इसका मतलब है कि अगर रिसीवर मैसेज देर से पढ़ता है, तो वह तब तक चैट में मौजूद रहेगा और पढ़ने के बाद तय समय में अपने आप डिलीट हो जाएगा।

इस फीचर की जानकारी WABetaInfo की रिपोर्ट से सामने आई है, जिसमें बताया गया है कि इसे एंड्रॉयड के बीटा वर्जन 2.26.15.11 में स्पॉट किया गया है। यह वर्जन फिलहाल गूगल प्ले स्टोर पर बीटा यूजर्स के लिए उपलब्ध है, जिससे साफ है कि फीचर अभी डेवलपमेंट स्टेज में है।

नई अपडेट के साथ यूजर्स को ज्यादा फ्लेक्सिबल टाइमिंग ऑप्शन भी मिल सकते हैं। रिपोर्ट के अनुसार, 5 मिनट, 1 घंटा और 12 घंटे जैसे विकल्प दिए जा सकते हैं। उदाहरण के तौर पर, अगर आप 5 मिनट का टाइमर सेट करते हैं, तो मैसेज पढ़ने के 5 मिनट बाद खुद ही गायब हो जाएगा। इससे यूजर्स यह तय कर पाएंगे कि उनका मैसेज कितनी देर तक दिखे।

यह फीचर खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी साबित हो सकता है जो ओटीपी, पर्सनल डिटेल्स या अन्य संवेदनशील जानकारी शेयर करते हैं। नए सिस्टम के तहत यूजर्स के पास दो विकल्प होंगे—एक पारंपरिक डिसअपियरिंग मैसेज, जिसमें टाइमर भेजते ही शुरू होता है, और दूसरा “आफ्टर रीडिंग” फीचर, जिसमें टाइमर पढ़ने के बाद शुरू होता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *