KNEWS DESK – सैमसंग अपनी अगली पीढ़ी की फोल्डेबल स्मार्टफोन सीरीज को लेकर चर्चा में है। कंपनी अगले महीने आयोजित होने वाले Galaxy Unpacked 2026 इवेंट में Galaxy Z Fold 8 सीरीज से पर्दा उठा सकती है। लॉन्च से पहले ही Galaxy Z Fold 8 और Galaxy Z Fold 8 Ultra से जुड़ी कई जानकारियां इंटरनेट पर सामने आ गई हैं, जिससे टेक प्रेमियों की उत्सुकता और बढ़ गई है।
हाल ही में सोशल मीडिया पर एक कथित रियल-लाइफ तस्वीर और कुछ रेंडर्स लीक हुए हैं, जिनमें सैमसंग के आगामी फोल्डेबल डिवाइस की डिजाइन झलक देखने को मिली है। मशहूर टिप्स्टर Ice Universe द्वारा शेयर की गई तस्वीर में दावा किया गया है कि एक व्यक्ति को सार्वजनिक स्थान पर इस नए फोल्डेबल फोन का इस्तेमाल करते देखा गया। हालांकि डिवाइस को एक विशेष प्रोटेक्टिव कवर से ढका गया था, लेकिन इसके कुछ डिजाइन एलिमेंट्स स्पष्ट रूप से नजर आए।
तस्वीर में डुअल रियर कैमरा सेटअप दिखाई देता है, जिसे पिल-शेप कैमरा मॉड्यूल में रखा गया है। इसके नीचे एलईडी फ्लैश भी मौजूद है। रिपोर्ट्स के मुताबिक यह डिवाइस सैमसंग का पहला Wide Foldable स्मार्टफोन हो सकता है, जो मौजूदा फोल्डेबल मॉडल्स की तुलना में ज्यादा चौड़ी स्क्रीन के साथ आएगा।
वहीं, लीक हुए रेंडर्स में Galaxy Z Fold 8 और Galaxy Z Fold 8 Ultra दोनों मॉडल्स दिखाई दिए हैं। दोनों स्मार्टफोन का रंग और डिजाइन काफी हद तक समान है, लेकिन कैमरा सेटअप और आकार में अंतर देखने को मिलता है। एक मॉडल में डुअल कैमरा सिस्टम दिया गया है, जबकि दूसरे में ट्रिपल रियर कैमरा यूनिट देखने को मिलती है। दोनों डिवाइस में सेंटर-पंच होल सेल्फी कैमरा होने की संभावना जताई जा रही है।
इस बीच फोल्डेबल सीरीज की ब्रांडिंग को लेकर भी नई चर्चाएं शुरू हो गई हैं। कुछ रिपोर्ट्स में दावा किया गया है कि सैमसंग अपने नामकरण में बदलाव कर सकता है। पहले जिस मॉडल को Galaxy Z Fold 8 Wide कहा जा रहा था, उसे अब Galaxy Z Fold 8 के नाम से लॉन्च किया जा सकता है। वहीं, मौजूदा स्टैंडर्ड फोल्ड मॉडल को Galaxy Z Fold 8 Ultra नाम दिया जा सकता है।
हालांकि, इन सभी जानकारियों की अभी तक सैमसंग की ओर से आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है। ऐसे में लॉन्च इवेंट तक इन रिपोर्ट्स को केवल लीक और अटकलों के तौर पर ही देखा जा रहा है। फिर भी माना जा रहा है कि कंपनी इस बार फोल्डेबल स्मार्टफोन बाजार में कुछ बड़े बदलावों के साथ उतर सकती है।