KNEWS DESK- स्मार्टफोन कंपनी OnePlus को लेकर पिछले कुछ समय से भारत में कारोबार बंद करने की चर्चाएं चल रही थीं। अब कंपनी ने इन अटकलों पर विराम लगा दिया है। OnePlus ने साफ किया है कि वह भारत में अपने ऑपरेशन बंद नहीं करने जा रही है। हालांकि, कंपनी अपने सॉफ्टवेयर सिस्टम में बड़ा बदलाव करने की तैयारी कर रही है, जिसका सीधा असर OnePlus स्मार्टफोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स पर पड़ेगा।
कंपनी अब अपने OxygenOS सिस्टम को Oppo के ColorOS प्लेटफॉर्म के साथ मर्ज करने की दिशा में आगे बढ़ रही है। इस बदलाव का उद्देश्य सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट को आसान बनाना, अपडेट्स को तेज करना और यूजर्स को बेहतर अनुभव देना बताया जा रहा है।
OnePlus फोन में बदलेगा सॉफ्टवेयर एक्सपीरियंस
OnePlus का OxygenOS लंबे समय से अपने क्लीन इंटरफेस और लगभग स्टॉक एंड्रॉयड अनुभव के लिए जाना जाता रहा है। लेकिन अब कंपनी की नई रणनीति के तहत OnePlus डिवाइस में OxygenOS की जगह ColorOS आधारित सिस्टम देखने को मिल सकता है।
यह बदलाव OnePlus की सॉफ्टवेयर रणनीति में अब तक के सबसे बड़े बदलावों में से एक माना जा रहा है। कंपनी का कहना है कि इससे इंजीनियरिंग और रिसर्च क्षमता का बेहतर इस्तेमाल किया जा सकेगा और सॉफ्टवेयर अपडेट को तेजी से उपलब्ध कराया जा सकेगा।
कंपनी ने क्या कहा?
रिपोर्ट्स के मुताबिक, OnePlus ने अपने बयान में कहा है कि सॉफ्टवेयर रणनीति में ऑपरेशनल बदलाव के तहत OnePlus डिवाइस OxygenOS से ColorOS की ओर अपडेट होंगे। कंपनी के अनुसार, इस बदलाव से सॉफ्टवेयर डेवलपमेंट प्रक्रिया आसान होगी। अपडेट साइकल तेज होगा। सॉफ्टवेयर क्वालिटी बेहतर होगी। यूजर्स को ज्यादा स्मूथ अनुभव मिलेगा। OnePlus ने यह भी कहा है कि इस बदलाव के बावजूद ब्रांड के मूल अनुभव में बड़ा बदलाव नहीं किया जाएगा।
भारत छोड़ने की खबरों को किया खारिज
OnePlus को लेकर ऐसी खबरें सामने आई थीं कि कंपनी भारत में अपना कारोबार समेट सकती है। हालांकि, कंपनी ने इन दावों को खारिज कर दिया है और साफ किया है कि भारत उसके लिए एक महत्वपूर्ण बाजार बना रहेगा। कंपनी भारत में अपने स्मार्टफोन बिजनेस को जारी रखेगी, लेकिन प्रोडक्ट और सॉफ्टवेयर रणनीति में बदलाव देखने को मिल सकता है।
Oppo की नई रणनीति का हिस्सा है बदलाव
OnePlus का यह सॉफ्टवेयर बदलाव Oppo के बड़े री-स्ट्रक्चरिंग प्लान का हिस्सा बताया जा रहा है। नई रणनीति के तहत Oppo, OnePlus और Realme को एक यूनिफाइड स्ट्रक्चर के तहत लाने की तैयारी कर रहा है। इस बदलाव के बाद OnePlus को ऑनलाइन फोकस्ड स्मार्टफोन ब्रांड के रूप में आगे बढ़ाने की योजना है। वहीं, कंपनी भविष्य में चुनिंदा प्रोडक्ट लॉन्च पर ज्यादा ध्यान दे सकती है।
OnePlus यूजर्स के लिए सबसे बड़ा बदलाव सॉफ्टवेयर इंटरफेस और अपडेट सिस्टम में देखने को मिल सकता है। ColorOS के आने के बाद फोन में नए फीचर्स, अपडेट की स्पीड और सिस्टम ऑप्टिमाइजेशन में बदलाव हो सकता है। हालांकि, कंपनी ने भरोसा दिलाया है कि यूजर्स को बेहतर और ज्यादा स्मूथ सॉफ्टवेयर अनुभव देने के लिए यह कदम उठाया जा रहा है।