16 साल का सूखा खत्म, पीवी सिंधु ने जापान ओपन के सेमीफाइनल में पहुंचकर रचा इतिहास

KNEWS DESK – भारतीय बैडमिंटन स्टार पीवी सिंधु ने एक बार फिर देश का नाम रोशन कर दिया है। जापान ओपन में शानदार प्रदर्शन के दम पर सिंधु ने सेमीफाइनल में जगह बना ली है। खास बात यह है कि 16 साल के लंबे इंतजार के बाद कोई भारतीय महिला शटलर जापान ओपन के सेमीफाइनल तक पहुंची है। इससे पहले साल 2011 में दिग्गज खिलाड़ी साइना नेहवाल ने यह उपलब्धि हासिल की थी।

सिंधु की सेमीफाइनल में एंट्री बेहद खास अंदाज में हुई। दरअसल, क्वार्टर फाइनल मुकाबले में उनका सामना जापान की खिलाड़ी नोजोमी ओकुहरा से होना था, लेकिन ओकुहरा ने मुकाबले से पहले ही अपना नाम वापस ले लिया। इसके बाद सिंधु को बिना खेले ही अगले दौर में जगह मिल गई।

तीन साल बाद सुपर 750 टूर्नामेंट के टॉप-4 में सिंधु

पीवी सिंधु के लिए यह सीजन काफी अच्छा साबित हो रहा है। वह करीब तीन साल बाद किसी सुपर 750 टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में पहुंची हैं। इस साल यह उनका तीसरा सेमीफाइनल मुकाबला होगा।

इससे पहले सिंधु ने मलेशिया ओपन सुपर 1000 और ऑस्ट्रेलिया ओपन सुपर 500 में भी अंतिम चार में जगह बनाई थी। अब उनकी नजर जापान ओपन का खिताब अपने नाम करने पर होगी।

सेमीफाइनल में चेन यूफी से टक्कर

जापान ओपन के सेमीफाइनल में पीवी सिंधु का सामना चीन की स्टार शटलर चेन यूफी से होगा। वर्ल्ड रैंकिंग में चेन यूफी चौथे स्थान पर हैं, जबकि सिंधु 10वें नंबर पर काबिज हैं।

चेन यूफी टोक्यो ओलंपिक की गोल्ड मेडल विजेता रह चुकी हैं। उन्होंने क्वार्टर फाइनल में दक्षिण कोरिया की वायजे सिम को हराकर सेमीफाइनल में जगह बनाई है।

सिंधु के सामने होगी बड़ी चुनौती

पीवी सिंधु और चेन यूफी के बीच अब तक कड़ा मुकाबला देखने को मिला है। दोनों खिलाड़ियों के बीच हुए मुकाबलों में चेन यूफी ने 8-6 की बढ़त बना रखी है। हालांकि, सिंधु अपने अनुभव और बड़े मंच पर शानदार प्रदर्शन के लिए जानी जाती हैं।

अब भारतीय फैंस को उम्मीद है कि सिंधु अपनी लय बरकरार रखते हुए जापान ओपन के फाइनल में जगह बनाएंगी और खिताब जीतकर एक बार फिर इतिहास रचेंगी।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *