भारत में मोबाइल यूजर्स का नया रिकॉर्ड, एक्टिव ग्राहकों में Jio नंबर-1

Knews Desk– भारतीय दूरसंचार विनियामक प्राधिकरण (TRAI) की जून 2026 की ताजा रिपोर्ट ने देश के टेलीकॉम सेक्टर की मजबूत तस्वीर पेश की है। रिपोर्ट के अनुसार, भारत में एक्टिव मोबाइल ग्राहकों (VLR) की संख्या पहली बार 120.11 करोड़ के आंकड़े को पार कर गई है। वहीं, कुल टेलीफोन ग्राहकों की संख्या बढ़कर 134.80 करोड़ तक पहुंच गई है। एक्टिव ग्राहकों के मामले में रिलायंस जियो ने अपनी नंबर-1 की स्थिति बरकरार रखी है, जबकि जून महीने में सबसे अधिक नए मोबाइल ग्राहक जोड़ने का रिकॉर्ड भारती एयरटेल के नाम रहा।

TRAI की रिपोर्ट के मुताबिक, जून 2026 में रिलायंस जियो ने 33.3 लाख नए एक्टिव (VLR) ग्राहक जोड़े। इसके बाद कंपनी का कुल एक्टिव मोबाइल ग्राहक आधार बढ़कर 49.89 करोड़ हो गया। देश के कुल एक्टिव मोबाइल ग्राहकों में जियो की हिस्सेदारी करीब 41.5 प्रतिशत है, जिससे वह इस श्रेणी में सबसे बड़ी टेलीकॉम कंपनी बनी हुई है।वहीं, भारती एयरटेल ने भी शानदार प्रदर्शन करते हुए जून के दौरान 29.3 लाख नए एक्टिव ग्राहक जोड़े। रिपोर्ट के अनुसार, देश के कुल वायरलेस ग्राहकों में 93.66 प्रतिशत ग्राहक एक्टिव रहे, जबकि प्रमुख कंपनियों में एयरटेल का VLR अनुपात 99.27 प्रतिशत दर्ज किया गया, जो सबसे अधिक है। इसका मतलब है कि एयरटेल के अधिकांश ग्राहक नियमित रूप से नेटवर्क का उपयोग कर रहे हैं।

हालांकि, वोडाफोन आइडिया (Vi), बीएसएनएल और एमटीएनएल के लिए यह महीना अच्छा नहीं रहा। इन कंपनियों के एक्टिव ग्राहक आधार में गिरावट दर्ज की गई। इससे साफ है कि निजी कंपनियां लगातार बाजार में अपनी पकड़ मजबूत कर रही हैं।अगर नए ग्राहकों की बात करें तो जून महीने में सबसे ज्यादा नए टेलीकॉम ग्राहक जोड़ने का रिकॉर्ड भारती एयरटेल के नाम रहा। कंपनी ने कुल 31.63 लाख नए ग्राहक जोड़े, जिनमें 29.89 लाख मोबाइल और 1.73 लाख फिक्स्ड लाइन ग्राहक शामिल हैं। दूसरी ओर, रिलायंस जियो ने 21.46 लाख नए मोबाइल ग्राहक जोड़े, जिसके बाद उसका कुल मोबाइल ग्राहक आधार बढ़कर 50.36 करोड़ हो गया। इसके साथ ही जियो करीब 39.3 प्रतिशत बाजार हिस्सेदारी के साथ देश की सबसे बड़ी मोबाइल सेवा प्रदाता बनी हुई है।

TRAI के अनुसार, जून 2026 में देशभर में करीब 62 लाख नए टेलीकॉम ग्राहक जुड़े। इनमें से 54.54 लाख ग्राहक केवल जियो और एयरटेल के खाते में गए। यानी कुल नए ग्राहकों में लगभग 87 प्रतिशत हिस्सेदारी सिर्फ इन दोनों कंपनियों की रही। यह आंकड़ा बताता है कि भारतीय टेलीकॉम बाजार में जियो और एयरटेल का दबदबा लगातार बढ़ता जा रहा है।

रिपोर्ट के मुताबिक, जून के अंत तक देश का कुल मोबाइल ग्राहक आधार 128.2 करोड़ तक पहुंच गया। वहीं, मोबाइल और फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस को मिलाकर कुल वायरलेस कनेक्शन 130 करोड़ हो गए हैं। इनमें 114.7 करोड़ मोबाइल सिम, 13.47 करोड़ मशीन-टू-मशीन (M2M) सिम और 1.78 करोड़ फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (FWA) कनेक्शन शामिल हैं।फिक्स्ड वायरलेस और 5जी सेवाओं में भी रिलायंस जियो का दबदबा कायम है। जून के दौरान कंपनी ने 1.44 लाख नए फिक्स्ड लाइन कनेक्शन जोड़े और उसका कुल वायरलाइन ग्राहक आधार 1.56 करोड़ तक पहुंच गया। वहीं, 5जी फिक्स्ड वायरलेस एक्सेस (5G FWA) सेवा में जियो के 91.14 लाख ग्राहक हैं, जो इस श्रेणी के कुल ग्राहकों का 70.5 प्रतिशत हिस्सा है। इसके अलावा, जून महीने में 1.47 करोड़ से अधिक मोबाइल ग्राहकों ने मोबाइल नंबर पोर्टेबिलिटी (MNP) के लिए आवेदन किया, जो उपभोक्ताओं के बीच बेहतर सेवाओं की बढ़ती मांग को दर्शाता है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *