KNEWS DESK- Google Maps ने Ask Maps में कई नए फीचर्स जोड़े हैं। अब यूजर्स हिंदी में सवाल पूछ सकेंगे। इसके अलावा भारत में बस, मेट्रो और ट्रेन की लाइव जानकारी भी मिलेगी। Gmail कनेक्ट करने पर ट्रिप से जुड़े पर्सनल सुझाव और पुरानी बातचीत को याद रखने की सुविधा भी मिलेगी।
Google Maps का इस्तेमाल अब सिर्फ रास्ता खोजने तक सीमित नहीं रहेगा। Google ने अपने AI फीचर Ask Maps को पहले से ज्यादा स्मार्ट और उपयोगी बना दिया है। Gemini की मदद से मार्च में शुरू किए गए Ask Maps में अब कई नए फीचर्स जोड़े गए हैं, जिससे यूजर्स को ट्रैवल प्लानिंग और आसपास की जगहों की जानकारी हासिल करने में आसानी होगी।
अब हिंदी में कर सकेंगे सवाल
Ask Maps में हिंदी भाषा का सपोर्ट जोड़ दिया गया है। इसका मतलब है कि यूजर्स अब अंग्रेजी में सवाल पूछने की बजाय हिंदी में सामान्य तरीके से अपनी जरूरत बता सकते हैं। आप किसी जगह तक पहुंचने का रास्ता, आसपास घूमने की जगह, खाने-पीने के विकल्प या किसी लोकेशन से जुड़ी दूसरी जानकारी हिंदी में पूछ सकते हैं। इससे उन यूजर्स के लिए Maps का इस्तेमाल आसान हो सकता है, जो अंग्रेजी की बजाय हिंदी में जानकारी लेना पसंद करते हैं।
Gmail कनेक्ट करने पर मिलेंगे पर्सनल सुझाव
Google ने Ask Maps में Personal Intelligence नाम का फीचर भी जोड़ा है। इसके जरिए यूजर अपने Gmail अकाउंट को Maps से कनेक्ट कर सकता है। Gmail में मौजूद होटल बुकिंग, फ्लाइट डिटेल्स या रेस्टोरेंट रिजर्वेशन जैसी जानकारी के आधार पर Maps ज्यादा पर्सनल सुझाव दे सकता है। मान लीजिए आपकी फ्लाइट कुछ घंटे बाद है। ऐसी स्थिति में Ask Maps आपके आसपास घूमने की जगहों या खाने के विकल्पों के बारे में सुझाव दे सकता है। इसी तरह होटल बुक होने पर उसके आसपास मौजूद रेस्टोरेंट और घूमने की जगहों की जानकारी भी मिल सकती है। हालांकि, Gmail कनेक्शन डिफॉल्ट रूप से बंद रहेगा। इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए यूजर को इसे खुद एक्टिवेट करना होगा।
पुरानी बातचीत भी याद रखेगा Ask Maps
Ask Maps में Conversation Memory फीचर भी जोड़ा गया है। अगर यूजर की हिस्ट्री सेटिंग एक्टिव है, तो Maps पिछली बातचीत को याद रख सकेगा। इसका फायदा ट्रिप प्लानिंग के दौरान मिलेगा। उदाहरण के लिए, अगर आपने कुछ दिन पहले किसी शहर में घूमने की जगहों के बारे में Ask Maps से पूछा था, तो बाद में उसी बातचीत को आगे बढ़ाकर पुराने सुझावों के बारे में सवाल कर सकते हैं। आपको पूरी जानकारी दोबारा बताने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
भारत में मिलेगी बस, मेट्रो और ट्रेन की लाइव जानकारी
भारतीय यूजर्स के लिए Google Maps का एक अहम अपडेट लाइव पब्लिक ट्रांजिट जानकारी है। अब Ask Maps के जरिए बस, मेट्रो और ट्रेन से जुड़ी रियल-टाइम जानकारी हासिल की जा सकेगी। इसमें लाइव शेड्यूल, देरी, रूट में बदलाव और कनेक्टिंग ट्रांसपोर्ट से जुड़ी जानकारी शामिल हो सकती है। इससे यात्रा शुरू करने से पहले रूट की बेहतर प्लानिंग की जा सकेगी।
कुछ AI फीचर्स अभी अमेरिका तक सीमित
Google के नए फीचर्स का रोलआउट अलग-अलग देशों में अलग हो सकता है। Ask Maps से जुड़े लाइव ट्रांजिट, Personal Intelligence और Conversation Memory जैसे फीचर्स उन जगहों पर उपलब्ध कराए जा रहे हैं जहां Ask Maps मौजूद है, जिसमें भारत भी शामिल है। हालांकि, खाना ऑर्डर करने, होटल खोजने और इवेंट से जुड़े कुछ नए AI फीचर्स फिलहाल अमेरिका तक सीमित बताए गए हैं।
अब Maps सिर्फ रास्ता नहीं, ट्रैवल असिस्टेंट भी
नए अपडेट के बाद Google Maps का Ask Maps फीचर यूजर्स के लिए एक तरह के AI ट्रैवल असिस्टेंट की भूमिका निभा सकता है। हिंदी में बातचीत, लाइव पब्लिक ट्रांसपोर्ट अपडेट, ट्रिप से जुड़े पर्सनल सुझाव और पिछली बातचीत की जानकारी जैसे फीचर्स यात्रा की प्लानिंग को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम हैं।