Knews Desk– Samsung के स्मार्टफोन और टैबलेट खरीदने वाले ग्राहकों की जेब पर जल्द ही अतिरिक्त बोझ पड़ सकता है. मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी भारत में सितंबर 2026 से अपने कई स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी करने की तैयारी कर रही है. नई कीमतें सितंबर के पहले सप्ताह से लागू होने की संभावना जताई जा रही है. हालांकि, अभी तक कंपनी की ओर से कीमत बढ़ाने को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की गई है.
रिपोर्ट्स में सबसे ज्यादा असर Samsung के प्रीमियम और फोल्डेबल स्मार्टफोन पर पड़ने की बात कही जा रही है. Galaxy Z Fold8 Ultra, Galaxy Z Fold8 और Galaxy Z Flip8 जैसे मॉडल पहले से ही प्रीमियम सेगमेंट में आते हैं. इनकी कीमतों में करीब 8 से 20 फीसदी तक बढ़ोतरी की खबर सामने आई है. अगर इतनी बढ़ोतरी होती है तो कुछ मॉडल खरीदने के लिए ग्राहकों को मौजूदा कीमत के मुकाबले हजारों रुपये ज्यादा खर्च करने पड़ सकते हैं.
सिर्फ महंगे फोल्डेबल फोन ही नहीं, बल्कि Samsung की Galaxy A और Galaxy M सीरीज के स्मार्टफोन भी कीमत बढ़ने की मार झेल सकते हैं. इसका मतलब है कि कंपनी के बजट और मिड-रेंज सेगमेंट के फोन खरीदने वालों पर भी इसका असर पड़ सकता है. ऐसे में अगर किसी ग्राहक का नया Samsung फोन खरीदने का प्लान है, तो सितंबर से पहले खरीदारी करना उसके लिए फायदे का सौदा हो सकता है, हालांकि कीमतों में बदलाव की आधिकारिक पुष्टि का इंतजार करना जरूरी है.स्मार्टफोन की कीमत बढ़ने के पीछे कई कारण बताए जा रहे हैं. इनमें सबसे प्रमुख वजह मेमोरी चिप की बढ़ती कीमत है. स्मार्टफोन में इस्तेमाल होने वाली DRAM और NAND जैसी मेमोरी की लागत बढ़ने से कंपनियों के लिए डिवाइस तैयार करना महंगा हो गया है. इसके अलावा डॉलर के मुकाबले रुपये की कमजोरी भी कंपनियों की लागत बढ़ा रही है. आयात से जुड़े कंपोनेंट और दूसरे सामान महंगे होने का सीधा असर उत्पादन लागत पर पड़ता है.
Samsung खुद दुनिया की प्रमुख मेमोरी चिप निर्माता कंपनियों में शामिल है, लेकिन बढ़ती लागत का दबाव उस पर भी पड़ रहा है. अब तक कंपनी ने लागत बढ़ने का एक हिस्सा खुद वहन किया है, लेकिन बाजार की स्थिति को देखते हुए इसका कुछ हिस्सा ग्राहकों पर डालने की तैयारी की जा सकती है.यह खबर ऐसे समय सामने आई है जब भारत के बजट स्मार्टफोन बाजार में पहले से दबाव देखा जा रहा है. 15 हजार रुपये से कम कीमत वाले स्मार्टफोन की हिस्सेदारी घटने की बात कही जा रही है. वहीं, कुछ अन्य कंपनियां भी अपने स्मार्टफोन की कीमतों में बढ़ोतरी कर चुकी हैं. इससे आने वाले महीनों में ग्राहकों के लिए किफायती फोन खरीदना पहले के मुकाबले मुश्किल हो सकता है.
दूसरी ओर, प्रीमियम स्मार्टफोन की मांग मजबूत बनी हुई है. Samsung के नए फोल्डेबल फोन की लॉन्चिंग के बाद शुरुआती 72 घंटे में करीब 2.71 लाख यूनिट की प्री-बुकिंग होने की बात सामने आई थी. इससे संकेत मिलता है कि ग्राहक बेहतर फीचर्स और प्रीमियम डिजाइन के लिए ज्यादा कीमत चुकाने को तैयार हैं.सितंबर के बाद भारत में फेस्टिव सीजन भी शुरू होगा. आमतौर पर इस दौरान स्मार्टफोन कंपनियां आकर्षक डिस्काउंट और ऑफर देती हैं. लेकिन अगर कंपोनेंट की कीमतें ऊंची बनी रहती हैं, तो इस बार कंपनियों के पास बड़े डिस्काउंट देने की गुंजाइश कम हो सकती है. फिलहाल Samsung ने कीमत बढ़ोतरी की पुष्टि नहीं की है. इसलिए ग्राहकों को आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना चाहिए.