IND vs AFG सीरीज से पहले बवाल, ACB के वीडियो में दिखा भारत का गलत नक्शा

Knews Desk – भारत और अफगानिस्तान के बीच 13 सितंबर से टी20 सीरीज शुरू होने जा रही है। इस सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड (ACB) कर रहा है, जबकि मुकाबलों का आयोजन नई दिल्ली के अरुण जेटली स्टेडियम में होगा। सीरीज शुरू होने से पहले ही ACB एक प्रमोशनल वीडियो को लेकर विवादों में घिर गया है। वीडियो में भारत का कथित तौर पर गलत नक्शा दिखाए जाने के बाद भारतीय क्रिकेट फैंस में नाराजगी देखने को मिल रही है।

दरअसल, अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड ने टी20 सीरीज के प्रमोशन के लिए एक वीडियो सोशल मीडिया पर शेयर किया है। इस वीडियो में दोनों देशों की संस्कृति, विरासत, प्रमुख शहरों और ऐतिहासिक स्थलों की झलक दिखाई गई है। वीडियो के अंत में पहले अफगानिस्तान और फिर भारत का नक्शा प्रदर्शित किया गया है। इसी हिस्से को लेकर विवाद खड़ा हुआ है।वीडियो में शुरुआत में भारत का नक्शा जम्मू-कश्मीर और लद्दाख समेत दिखाया गया है, लेकिन अगले ही पल नक्शे में बदलाव नजर आता है और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) को भारत के नक्शे से अलग दिखाया गया है। यही वजह है कि भारतीय फैंस ने ACB की पोस्ट पर सवाल उठाते हुए वीडियो को हटाने और सही नक्शा दिखाने की मांग की है।

भारतीय फैंस का कहना है कि किसी अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट सीरीज के प्रमोशनल वीडियो में भारत का नक्शा सही तरीके से दिखाया जाना चाहिए। सोशल मीडिया पर कई यूजर्स ने ACB को टैग करते हुए अपनी नाराजगी जाहिर की है और वीडियो में सुधार की मांग की है।खास बात यह है कि इस विवादित वीडियो को पोस्ट किए 24 घंटे से ज्यादा का समय बीत चुका है, लेकिन रिपोर्ट के मुताबिक ACB की ओर से इसे अब तक हटाया नहीं गया है। ऐसे में यह मामला और तूल पकड़ता जा रहा है।

भारत और अफगानिस्तान के बीच होने वाली यह टी20 सीरीज अपने आप में भी खास है। भारतीय टीम अपने ही देश में मेहमान टीम के रूप में खेलेगी, जबकि सीरीज की मेजबानी अफगानिस्तान करेगा। भारत की ओर से इस सीरीज के आयोजन में सहयोग दिया गया है।अब देखना होगा कि इस मामले पर अफगानिस्तान क्रिकेट बोर्ड की ओर से कोई सफाई आती है या वीडियो में बदलाव किया जाता है। साथ ही यह भी नजर रहेगी कि भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड (BCCI) इस मामले को ACB के सामने उठाता है या नहीं। फिलहाल, सीरीज शुरू होने से पहले नक्शे को लेकर उठा यह विवाद क्रिकेट फैंस के बीच चर्चा का विषय बना हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *