नमन धीर का तूफान! 37 गेंदों में ठोका शतक, चौके-छक्कों से मचाई सनसनी

Knews Desk – शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में अमृतसर सूरमा के स्टार ऑलराउंडर नमन धीर ने अपनी तूफानी बल्लेबाजी से तहलका मचा दिया है। मोहाली किंग्स के खिलाफ मुकाबले में नमन धीर ने महज 37 गेंदों में शतक जड़कर लीग के इतिहास में सबसे तेज सेंचुरी लगाने का रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया। अपनी इस विस्फोटक पारी के दौरान उन्होंने चौकों और छक्कों की जमकर बारिश की और गेंदबाजों की जमकर खबर ली।

नमन धीर की इस पारी की खास बात यह रही कि उन्होंने शुरुआत से ही आक्रामक रुख अपनाया। अमृतसर सूरमा की पारी की शुरुआत अच्छी नहीं रही और सहज धवन महज एक रन बनाकर पवेलियन लौट गए। इसके बाद नमन धीर ने मोर्चा संभाला और पहली ही गेंदों से अपने इरादे साफ कर दिए। उन्होंने महज 19 गेंदों में अपना अर्धशतक पूरा कर लिया।अर्धशतक के बाद नमन धीर ने अपनी बल्लेबाजी की रफ्तार और बढ़ा दी। पारी के 12वें ओवर में उन्होंने लवदीप के ओवर में 30 रन बटोरकर अपना शतक पूरा किया। इस ओवर में नमन ने तीन छक्के और दो चौके लगाए। उनकी इस पारी में कुल 18 चौके-छक्के शामिल रहे। महज 37 गेंदों में शतक पूरा कर उन्होंने मोहाली के गेंदबाजों पर दबाव पूरी तरह से बढ़ा दिया।

नमन धीर की यह सेंचुरी शेर-ए-पंजाब टी20 लीग की सबसे तेज सेंचुरी बन गई है। इससे पहले यह रिकॉर्ड अनमोलप्रीत सिंह के नाम था। अनमोलप्रीत ने 39 गेंदों में शतक लगाया था, लेकिन अब नमन धीर ने दो गेंद कम खेलकर यह रिकॉर्ड अपने नाम कर लिया है।दिलचस्प बात यह है कि शेर-ए-पंजाब टी20 लीग के मौजूदा सीजन में नमन धीर का यह दूसरा शतक है। इससे पहले उन्होंने जालंधर वॉरियर्स के खिलाफ भी शानदार बल्लेबाजी करते हुए 56 गेंदों में 117 रन की पारी खेली थी। हालांकि मोहाली किंग्स के खिलाफ उनकी बल्लेबाजी का अंदाज पूरी तरह अलग रहा। इस मुकाबले में उन्होंने बेहद तेज गति से रन बनाए और अपनी टीम को मजबूत स्थिति में पहुंचाने की कोशिश की।

आईपीएल में भी नमन धीर अपनी आक्रामक बल्लेबाजी के लिए जाने जाते हैं। वह मुंबई इंडियंस के अहम खिलाड़ियों में शामिल हैं और टीम उन्हें जरूरत के मुताबिक अलग-अलग बल्लेबाजी क्रम पर इस्तेमाल करती है। आईपीएल में उन्होंने अब तक 37 मुकाबलों में 27.30 की औसत से 710 रन बनाए हैं। उनका स्ट्राइक रेट 160 से ज्यादा का रहा है, जो उनकी आक्रामक बल्लेबाजी की क्षमता को दर्शाता है। आईपीएल में उनके नाम तीन अर्धशतक भी दर्ज हैं।शेर-ए-पंजाब टी20 लीग में नमन धीर की इस रिकॉर्डतोड़ पारी ने एक बार फिर साबित कर दिया कि वह छोटे फॉर्मेट में कितने खतरनाक बल्लेबाज हैं। 19 गेंदों में अर्धशतक और सिर्फ 37 गेंदों में शतक लगाकर उन्होंने न केवल रिकॉर्ड बुक में अपना नाम दर्ज कराया, बल्कि अपनी विस्फोटक बल्लेबाजी से क्रिकेट फैंस का भी खूब मनोरंजन किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *