Knews Desk – इंडियन प्रीमियर लीग (IPL) 2027 से पहले चेन्नई सुपरकिंग्स (CSK) में बड़ा बदलाव देखने को मिल सकता है। पांच बार की आईपीएल चैंपियन चेन्नई सुपरकिंग्स अगले सीजन में नए हेड कोच के साथ मैदान पर उतर सकती है। टीम के लंबे समय से हेड कोच रहे स्टीफन फ्लेमिंग अब फ्रेंचाइजी का साथ छोड़ चुके हैं और इंग्लैंड टेस्ट टीम के हेड कोच की जिम्मेदारी संभाल रहे हैं। ऐसे में CSK मैनेजमेंट नए कोच की तलाश में जुटा है।रिपोर्ट्स के मुताबिक, चेन्नई सुपरकिंग्स की नजर इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ऑयन मॉर्गन पर है। मॉर्गन को टीम का नया हेड कोच बनाने पर विचार किया जा रहा है। हालांकि, इस डील में सबसे बड़ी चर्चा उनकी कथित सैलरी डिमांड को लेकर है। रिपोर्ट के अनुसार, मॉर्गन ने CSK के हेड कोच पद के लिए करीब 20 करोड़ रुपये प्रति सीजन की मांग की है।
IPL इतिहास के सबसे महंगे कोच बन सकते हैं मॉर्गन
अगर चेन्नई सुपरकिंग्स मॉर्गन की मांग मान लेती है, तो वह आईपीएल इतिहास के सबसे महंगे कोच बन जाएंगे। फिलहाल आशीष नेहरा और रिकी पॉन्टिंग आईपीएल के सबसे ज्यादा फीस पाने वाले कोचों में शामिल हैं। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों को एक सीजन के करीब 9.5 करोड़ रुपये मिलते हैं।ऐसे में मॉर्गन की 20 करोड़ रुपये की कथित मांग मौजूदा सबसे महंगे कोचों की फीस से दोगुने से भी ज्यादा होगी। खास बात यह है कि यह रकम CSK के सबसे महंगे खिलाड़ियों में शामिल संजू सैमसन की 18 करोड़ रुपये की सीजन फीस से भी ज्यादा होगी। इसलिए यह देखना दिलचस्प होगा कि क्या CSK मैनेजमेंट एक हेड कोच पर इतनी बड़ी रकम खर्च करने के लिए तैयार होता है।
मॉर्गन के पास है शानदार लीडरशिप अनुभव
ऑयन मॉर्गन के पक्ष में सबसे बड़ी बात उनका शानदार नेतृत्व और रणनीतिक अनुभव है। इंग्लैंड के पूर्व कप्तान ने करीब आठ वर्षों तक टीम की कप्तानी की। उनकी कप्तानी में इंग्लैंड ने 2019 में पहली बार वनडे वर्ल्ड कप का खिताब जीता था।मॉर्गन को खास तौर पर सीमित ओवरों के क्रिकेट में आक्रामक रणनीति और आधुनिक सोच के लिए जाना जाता है। हालांकि, आईपीएल में बतौर कोच उनका अनुभव ज्यादा नहीं है। यही वजह है कि CSK के लिए यह फैसला एक बड़ा जोखिम और साथ ही एक नई रणनीतिक शुरुआत भी हो सकता है।
धोनी के हाथ में होगी बड़ी जिम्मेदारी
रिपोर्ट्स में यह भी दावा किया गया है कि IPL 2027 से जुड़े कई अहम फैसलों में महेंद्र सिंह धोनी की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होगी। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, मॉर्गन को हेड कोच बनाने पर अंतिम फैसला धोनी कर सकते हैं।बताया जा रहा है कि IPL 2027 के लिए प्लेयर सेलेक्शन, ऑक्शन स्ट्रैटजी और नए कोचिंग स्टाफ से जुड़े अहम फैसलों में धोनी को महत्वपूर्ण अधिकार दिए गए हैं। ऐसे में अगर मॉर्गन की CSK में एंट्री होती है, तो यह फैसला भी धोनी की रणनीति का हिस्सा माना जाएगा।अब सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या CSK मैनेजमेंट मॉर्गन की 20 करोड़ रुपये की कथित मांग को स्वीकार करेगा? अगर ऐसा होता है, तो आईपीएल 2027 में चेन्नई सुपरकिंग्स का नया कोचिंग सेटअप टूर्नामेंट की सबसे बड़ी चर्चाओं में से एक बन सकता है।