Knews Desk– भारतीय टीम की शुरुआत इस मुकाबले में बेहद खराब रही। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी टीम इंडिया ने महज 4 रन के स्कोर पर अपने दो बड़े विकेट गंवा दिए। कप्तान शुभमन गिल सिर्फ 1 रन बनाकर जेडन सील्स की शॉर्ट गेंद पर विकेट के पीछे शाई होप को कैच दे बैठे। इसके बाद सील्स ने अगली ही गेंद पर विराट कोहली को बोल्ड कर दिया। विराट अपना खाता भी नहीं खोल सके। इस तरह भारत ने शुरुआती तीन ओवर में ही अपने दो अहम विकेट गंवा दिए। जेडन सील्स और मैथ्यू फोर्ड की शानदार गेंदबाजी के सामने भारतीय बल्लेबाज पहले 10 ओवर में केवल 28 रन ही बना सके।इसके बाद अनुभवी रोहित शर्मा और ऋतुराज गायकवाड़ ने भारतीय पारी को संभाला। दोनों बल्लेबाजों ने तीसरे विकेट के लिए महत्वपूर्ण साझेदारी की और टीम को शुरुआती झटकों से बाहर निकाला। रोहित शर्मा ने 85 गेंदों पर 92 रन की शानदार पारी खेली। उनकी पारी में 10 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। वहीं, ऋतुराज गायकवाड़ ने 69 गेंदों में 57 रन बनाए। उन्होंने अपनी पारी के दौरान 1 चौका और 4 छक्के लगाए।
रोहित और गायकवाड़ के आउट होने के बाद केएल राहुल ने मोर्चा संभाला। राहुल ने बेहद शानदार बल्लेबाजी करते हुए भारतीय पारी को मजबूत स्थिति में पहुंचाया। उन्होंने 87 गेंदों पर नाबाद 129 रन बनाए। राहुल की इस शानदार पारी की बदौलत भारत ने निर्धारित 50 ओवर में 7 विकेट के नुकसान पर 351 रन का विशाल स्कोर खड़ा किया। भारत को उम्मीद थी कि 352 रन का लक्ष्य वेस्टइंडीज के लिए बेहद मुश्किल साबित होगा, लेकिन शे होप ने पूरी तस्वीर बदल दी।352 रन के लक्ष्य का पीछा करने उतरी वेस्टइंडीज की टीम को शुरुआती झटका जल्दी लगा। ज्वेल एंड्रयू उंगली में चोट के कारण ओपनिंग नहीं कर सके, जिसके बाद कप्तान शे होप खुद जॉन कैंपबेल के साथ पारी की शुरुआत करने उतरे। मोहम्मद सिराज ने कैंपबेल को जल्दी बोल्ड कर दिया, लेकिन दूसरी तरफ शे होप ने भारतीय गेंदबाजों का डटकर सामना किया।
अमीर जांगू ने होप का अच्छा साथ दिया और 56 गेंदों पर 67 रन की पारी खेली। उनके आउट होने के बाद कीमो पॉल ने 35 गेंदों पर 44 रन बनाकर रन चेज को गति दी। अंत में गुडाकेश मोती ने नाबाद 19 रन बनाकर टीम की जीत में योगदान दिया।वेस्टइंडीज के कप्तान शे होप ने अंत तक मोर्चा संभाले रखा। उन्होंने 143 गेंदों पर नाबाद 162 रन बनाए, जिसमें 17 चौके और 3 छक्के शामिल रहे। होप की इस शानदार पारी के दम पर वेस्टइंडीज ने 48.2 ओवर में 352 रन बनाकर 5 विकेट से मुकाबला अपने नाम कर लिया।इस जीत के साथ वेस्टइंडीज ने वनडे क्रिकेट के इतिहास में पहली बार 350 या उससे ज्यादा रन के लक्ष्य का सफलतापूर्वक पीछा किया। वहीं, भारत ने 351 रन का बड़ा स्कोर बनाने के बावजूद मुकाबला गंवा दिया। शे होप की 162 रन की नाबाद पारी इस ऐतिहासिक रन चेज की सबसे बड़ी वजह रही।