Commonwealth Games 2026: भारत की शानदार शुरुआत, बॉक्सिंग में प्रीति-जैस्मिन ने जीता गोल्ड; ट्रिपल जंप में भी दो मेडल

Knews Desk- कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए शनिवार का दिन शानदार रहा। भारतीय खिलाड़ियों ने बॉक्सिंग और एथलेटिक्स में दमदार प्रदर्शन करते हुए पदकों की झड़ी लगा दी। बॉक्सिंग में महज कुछ ही मिनटों के अंतराल में भारत को दो गोल्ड मेडल मिले, जबकि पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में भारतीय खिलाड़ियों ने सिल्वर और ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किए।

महिला बॉक्सिंग के 54 किग्रा भार वर्ग में प्रीति पवार ने शानदार प्रदर्शन करते हुए भारत को गोल्ड मेडल दिलाया। प्रीति की जीत के तुरंत बाद जैस्मिन लैंबोरिया ने भी स्वर्ण पदक पर कब्जा जमाया। महिलाओं के 57 किग्रा वर्ग के फाइनल में जैस्मिन ने नॉर्दर्न आयरलैंड की माइकेला वॉल्श को 5-0 के सर्वसम्मत फैसले से मात देकर गोल्ड मेडल जीता।

एथलेटिक्स में भी भारत को बड़ी सफलता मिली। पुरुषों की ट्रिपल जंप स्पर्धा में भारत के खाते में एक साथ दो पदक आए। प्रवीण चित्रवेल ने 16.58 मीटर की छलांग लगाकर सिल्वर मेडल हासिल किया, जबकि सेल्वा प्रभु तिरुमारन ने 16.52 मीटर के प्रदर्शन के साथ ब्रॉन्ज मेडल अपने नाम किया।

बॉक्सिंग में दो गोल्ड और ट्रिपल जंप में सिल्वर-ब्रॉन्ज मिलने से कॉमनवेल्थ गेम्स 2026 में भारत के लिए दिन की शुरुआत बेहद शानदार रही।