KNEWS DESK- ज्येष्ठ माह में पड़ने वाले बड़े मंगल का हिंदू धर्म में विशेष महत्व माना जाता है। यह दिन भगवान राम के परम भक्त हनुमान को समर्पित होता है। मान्यता है कि बड़े मंगल के दिन विधि-विधान से पूजा और कुछ खास उपाय करने से जीवन के संकट दूर होते हैं और सुख-समृद्धि का आशीर्वाद मिलता है। आज ज्येष्ठ माह का तीसरा बड़ा मंगल है और भक्त मंदिरों में पूजा-अर्चना कर रहे हैं।

पीपल के पत्तों की माला का उपाय
बड़े मंगल के दिन सुबह स्नान के बाद पीपल के वृक्ष को प्रणाम करें और 11 या 21 पत्ते तोड़ लें। इन पत्तों पर सिंदूर या लाल चंदन से “श्रीराम” लिखें। इसके बाद कलावे की सहायता से इन पत्तों की माला बनाकर हनुमान को अर्पित करें। मान्यता है कि ऐसा करने से मनोकामनाएं पूर्ण होती हैं और जीवन में सकारात्मक ऊर्जा आती है।
पीपल के पेड़ के नीचे करें ये पाठ

हनुमान जी की पूजा के बाद पीपल के वृक्ष पर जल अर्पित करें और सरसों के तेल का दीपक जलाएं। दीपक में दो लौंग और कुछ काले तिल डालें। इसके बाद पीपल के नीचे बैठकर 3 बार हनुमान चालीसा का पाठ करें। धार्मिक मान्यता है कि इससे करियर और व्यापार में तरक्की मिलती है और बाधाएं दूर होती हैं।
धन लाभ के लिए करें यह उपाय
बड़े मंगल के दिन व्रत रखकर हनुमान को सिंदूरी चोला चढ़ाएं। गुड़ और चने का भोग लगाएं। साथ ही पान के 7 पत्तों पर सुपारी और दो-दो लौंग रखकर अर्पित करें। पूजा के बाद हनुमान चालीसा का पाठ करें। ऐसा करने से आर्थिक परेशानियां दूर होने की मान्यता है।
बड़े मंगल का धार्मिक महत्व
धार्मिक मान्यताओं के अनुसार, ज्येष्ठ माह में आने वाले सभी मंगलवार “बड़ा मंगल” कहलाते हैं। इस दिन हनुमान जी की पूजा विशेष फलदायी मानी जाती है। भक्तों का विश्वास है कि सच्चे मन से पूजा और उपाय करने पर भय, शत्रु और संकटों से मुक्ति मिलती है तथा घर में सुख-शांति बनी रहती है।