उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने साधा निशाना, राज्य सरकार को बताया फेल

देहरादून-  उत्तराखंड के नेता प्रतिपक्ष यशपाल आर्य ने राज्य फैली व्यापक महंगाई भ्रष्टाचार बेरोजगारी के मुद्दे को लेकर प्रदेश सरकार पर निशाना साधा। राज्य सरकार को हर मुद्दे पर असफल बताते हुए उन्होंने कहा कि न तो प्रदेश की जनता को बेहतर स्वास्थ्य सुविधा मिल पा रही है और न ही पहाड़ों मे सड़क कनेक्टिविटी की सुविधा उपलब्ध है। प्रदेश में भ्रष्टाचार व्यापक स्तर पर फैला हुआ है। आर्य ने कहा कि जनता अब भाजपा के कुशासन से परेशान हो गई है। गरीब जनता महंगाई से परेशान है। युवा रोजगार के लिए सड़कों पर उतर रहा है। कर्मचारी भ्रष्टाचार से परेशान हैं।

इन सभी कारणों से परेशान हो कर जनता आगामी निकाय चुनावों और लोकसभा चुनावों में भाजपा को करारी हार के रूप में इसका जवाब देगी। कांग्रेस के द्वारा प्रदेश भर में चलाई जा रही जनसंवाद यात्रा आर्य के नेतृत्व में सोमवार को ओखलकांडा ब्लॉक के ढोली गांव और धारी ब्लॉक में पहुंची। इस दौरान पहाड़ पानी में हुई जनसभा में आर्य ने कहा कि भाजपा सरकार का ध्यान सिर्फ महंगाई को बढ़ाने पर है। सरकार कांग्रेस के समय से चली आ रही जनकल्याणकारी योजनाओं में लगातार कटौती कर रही है।

किसानों को उनकी फसल का उचित भुगतान नहीं मिल पा रहा है। आर्य ने कहा कि सरकार की पहाड़ विरोधी नीतियों के कारण ही गरीब जनता को पहाड़ों में 100 रुपये में होने वाला ब्लड टेस्ट हल्द्वानी देहरादून में आकर 2000 में करने को मजबूर है।

ग्रामीण क्षेत्रों तक सड़क की सुविधा उपलब्ध नहीं हो पाई है। कार्यकर्ताओं ने कहा कि बीमा कंपनियां किसानों को लूट रही है। सरकार के प्रतिनिधि गांव में जाकर केवल समस्याएं सुन रहे हैं उनके समाधान पर कोई ध्यान नहीं दिया जा रहा है। भाजपा सरकार का डबल इंजन पूरी तरह से फैल हो गया है।

About Post Author