मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी का बड़ा बयान, भड़काऊ और भ्रामक खबरें फैलाने वालों पर होगी सख्त कानूनी कार्रवाई

डिजिटल डेस्क- उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मंगलवार को सचिवालय में एक महत्वपूर्ण उच्चस्तरीय बैठक की अध्यक्षता की। इस बैठक में उन्होंने अधिकारियों को चारधाम और हेमकुंट साहिब यात्रा को लेकर कई कड़े दिशा-निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट रूप से कहा कि देवभूमि उत्तराखंड में तीर्थ यात्रा पर आने वाले सभी श्रद्धालुओं और पर्यटकों की सुख-सुविधाओं का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने देश-विदेश से आने वाले सभी यात्रियों का स्वागत करते हुए अपील की कि वे उत्तराखंड के शांत वातावरण में अपनी यात्रा का पूर्ण आनंद लें और किसी भी प्रकार की अफवाह पर बिल्कुल ध्यान न दें।

कर्णप्रयाग और नगरासू की घटनाओं पर बोले सीएम—दोषियों के खिलाफ होगी कड़ी कार्रवाई

मुख्यमंत्री ने हाल ही में कर्णप्रयाग और नगरासू में सामने आई घटनाओं का संज्ञान लेते हुए कहा कि राज्य सरकार, स्थानीय प्रशासन और पुलिस सभी पक्षों को ध्यान में रखकर आवश्यक कदम उठा रहे हैं। उन्होंने साफ किया कि प्राथमिक जांच में जो भी दोषी पाया गया है, उसके विरुद्ध तत्काल कार्रवाई की जा चुकी है और सभी तथ्यों के आधार पर आगे भी सख्त कानूनी रुख अपनाया जाएगा। मुख्यमंत्री ने याद दिलाया कि उत्तराखंड में सिख गुरुओं द्वारा स्थापित तीन प्रमुख पवित्र स्थल—हेमकुंट साहिब, रीठा साहिब और नानकमत्ता साहिब स्थित हैं, जहां हर साल लाखों श्रद्धालु आते हैं। ‘अतिथि देवो भवः’ की भावना के अनुरूप सभी का सम्मान करना देवभूमि की संस्कृति का अभिन्न हिस्सा है।

सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को चेतावनी, समाज को बांटने का प्रयास न करें

बैठक के दौरान सीएम धामी ने सोशल मीडिया पर भ्रामक और भड़काऊ सूचनाएं प्रसारित करने वाले तत्वों को कड़े शब्दों में चेतावनी दी। उन्होंने कहा कि ऐसे लोग समाज और समुदायों को बांटने का प्रयास न करें। सभी धर्मों के लोगों ने मिल-जुलकर देश को आगे बढ़ाने में अपना महत्वपूर्ण योगदान दिया है। उन्होंने दोटूक शब्दों में कहा कि भड़काऊ खबरें फैलाने वालों के विरुद्ध पुलिस सख्त से सख्त कानूनी कार्रवाई करेगी। देवभूमि में ऐसा कोई भी कृत्य स्वीकार नहीं किया जाएगा, जिससे किसी व्यक्ति की गरिमा को ठेस पहुंचे या किसी धर्म एवं आस्था को नुकसान पहुंचे। उन्होंने रेखांकित किया कि आपसी संवाद, सद्भाव और सौहार्दपूर्ण वातावरण के माध्यम से ही सभी समस्याओं का समाधान संभव है। इस महत्वपूर्ण अवसर पर बदरी-केदार मंदिर समिति के अध्यक्ष हेमंत द्विवेदी, हेमकुंट साहिब प्रबंधन ट्रस्ट के अध्यक्ष नरेन्द्रजीत सिंह बिन्द्रा, मुख्य सचिव आनंद बर्द्धन, अपर मुख्य सचिव आर.के. सुधांशु, सचिव गृह शैलेश बगौली, पुलिस महानिदेशक दीपम सेठ और कई वरिष्ठ प्रशासनिक व पुलिस अधिकारी उपस्थित रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *