यहां के आंदोलन से कुछ नहीं होगा… भरत तिवारी के परिवार के साथ खेसारी लाल यादव

KNEWS DESK – बिहार के भोजपुर जिले में 28 वर्षीय भरत भूषण तिवारी की पुलिस मुठभेड़ में मौत के बाद मामला तूल पकड़ता जा रहा है। इस घटना ने राजनीतिक और सामाजिक स्तर पर तीखी बहस छेड़ दी है। मामले में बिहार पुलिस ने भी अपनी ओर से लापरवाही स्वीकार की है, जबकि एडीजी ने खुद माना है कि ऑपरेशन को सही तरीके से हैंडल नहीं किया गया।

इस बीच भोजपुरी अभिनेता खेसारी लाल यादव पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे और उन्हें हर संभव मदद का भरोसा दिलाया। उनकी मुलाकात का एक वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है, जिसमें वह परिवार को आंदोलन और न्याय की लड़ाई को आगे बढ़ाने की सलाह देते नजर आते हैं।

वायरल वीडियो में खेसारी लाल यादव कहते हैं कि सिर्फ स्थानीय स्तर पर आंदोलन करने से कुछ नहीं होगा, बल्कि इसे बड़े स्तर तक ले जाना होगा। उन्होंने कहा कि यह परिवार की अपनी लड़ाई है और शुरुआत उन्हें खुद करनी होगी, जिसके बाद समाज और अन्य लोग भी साथ आएंगे। खेसारी ने यह भी कहा कि वे परिवार के साथ हैं और जरूरत पड़ने पर खुद भी उनके साथ खड़े होंगे।

उन्होंने कहा, “आपको बोलना भी नहीं पड़ेगा, हम आ जाएंगे… लेकिन पहले आप शुरुआत कीजिए। यह लड़ाई आपको खुद लड़नी होगी, मैं आपके साथ हूं।” खेसारी ने आगे समझाया कि आंदोलन को प्रभावी बनाने के लिए पढ़े-लिखे लोगों की मदद लेनी चाहिए, ताकि सही तरीके से आवाज उठाई जा सके और प्रशासन तक बात पहुंचे।

खेसारी लाल ने यह भी कहा कि गांव के स्तर पर शुरू हुआ आंदोलन अगर शहर तक पहुंचाना है तो उसकी जिम्मेदारी परिवार और स्थानीय लोगों की है। उन्होंने जोर देते हुए कहा कि यह सिर्फ भावनात्मक नहीं बल्कि संघर्ष की लड़ाई है, जिसे मजबूत तरीके से लड़ना होगा ताकि न्याय मिल सके।

उन्होंने यह भी अपील की कि इस पूरे मामले की सच्चाई सामने आनी चाहिए और अगर किसी भी स्तर पर लापरवाही या गलती हुई है तो जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई होनी चाहिए। साथ ही उन्होंने परिवार से कहा कि अगर कोई नेता संवेदना जताने आए तो उनसे सवाल जरूर करें कि उनके अधूरे सपनों को पूरा करने के लिए वे क्या कदम उठाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *