उत्तराखंड : मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम में शहीदों के परिवारों को किया गया सम्मानित

उत्तराखंड,देहरादून :  मेरी माटी मेरा देश कार्यक्रम आज नगर निगम देहरादून के टाउन हॉल में आयोजित किया गया। जिसमें शहीदों के परिवारों को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम में मेयर देहरादून सुनील उनियाल गामा व कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी व सुबोध उनियाल ने शहीद के परिवार जनों को सम्मानित किया।

दरअसल आपको बता दें कि मेयर सुनील उनियाल गामा ने कार्यक्रम में अपने संबोधन में कहा कि आज से 76 साल पहले देश को वीर सपूतों के संघर्ष से आजादी मिली। उनको नमन करते हुए उनके परिवारों के सम्मान में प्रधानमंत्री मोदी के आह्वान पर पूरे देश में अभियान चल रहा है। इसी क्रम में आज नगर निगम देहरादून में भी कार्यक्रम किया गया है।कहा कि युवा पीडी को देश का इतिहास जानना चाहिए।

युवा पीढ़ी जाने देश का इतिहास 

प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में भारत आज विश्व की बड़ी शक्ति के रूप में उभर रहा है। वहीं कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी ने भी अपने संबोधन में कहा कि हमारी आजादी के लिए भारत के वीर सपूतों ने लम्बा संघर्ष किया और अनेक कष्ट झेले उनके परिवारों के सम्मान में पूरे भारत में यह कार्यक्रम आयोजित किये जा रहे हैं। आज भारत रक्षा क्षेत्र में आत्मनिर्भर बन रहा है। अपने सैन्य कार्यकाल की बात करते हुए कहा कि 1980 के दौरान भारतीय सेना के ग्लेशियर में तैनाती के दौरान हमारे पास स्नो गोगल्स, बूट तक नहीं होते थे। लेकिन बीते नौ सालों में प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में सेना को मजबूत किया गया और सैनिकों को सभी जरुरी उपकरण मुहैया करवाये गये हैं। कैबिनेट मंत्री सुबोध उनियाल ने कहा कि कार्यक्रम का उद्देश्य शहीद के परिवारों को सम्मानित करना है। जिससे लोगों को भी इस अमृत काल में देश की आजादी में शहीदों के योगदान का पता चल सके।

About Post Author