उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 की तैयारियों के बीच 16 नवंबर से स्वगणना यानी Self-Enumeration की प्रक्रिया शुरू होगी। लोग मोबाइल या कंप्यूटर के जरिए घर बैठे अपने परिवार और सदस्यों की जानकारी ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। यह सुविधा 30 नवंबर तक उपलब्ध रहेगी।
Knews Desk – उत्तर प्रदेश में जनगणना-2027 को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। 16 नवंबर से स्वगणना की प्रक्रिया शुरू होगी, जिसके तहत लोग अपने घर और परिवार के सदस्यों का विवरण ऑनलाइन दर्ज कर सकेंगे। प्रधान जनगणना अधिकारी शीतल वर्मा के मुताबिक, इसके लिए जनगणना पोर्टल पर जाकर मोबाइल OTP के जरिए सत्यापन करना होगा।
ऑनलाइन फॉर्म जमा करने के बाद एक विशेष स्वगणना पहचान संख्या यानी SE ID जारी होगी। इसे सुरक्षित रखना जरूरी होगा। एक दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक जनगणना कर्मी घर-घर पहुंचकर ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन करेंगे।
ऑनलाइन स्वगणना करना अनिवार्य नहीं
सरकार की ओर से ऑनलाइन स्वगणना करना अनिवार्य नहीं किया गया है। जो परिवार पोर्टल पर अपनी जानकारी दर्ज नहीं करेंगे, उनके घर पहुंचकर गणनाकर्मी खुद परिवार का विवरण एकत्र करेंगे।
स्वगणना के लिए सबसे पहले जनगणना पोर्टल पर जाना होगा। इसके बाद राज्यों की सूची में उत्तर प्रदेश का चयन करना होगा। घर के मुखिया का नाम और मोबाइल नंबर दर्ज करने के बाद OTP से सत्यापन करना होगा।
जनगणना के दूसरे चरण में परिवार और उसके सदस्यों से जुड़े 40 सवाल पूछे जाएंगे। इनमें परिवार के सदस्यों का नाम, उम्र, लिंग, आपसी रिश्ता, वैवाहिक स्थिति, शिक्षा, रोजगार, मातृभाषा, दिव्यांगता की स्थिति और अन्य सामाजिक-आर्थिक जानकारी शामिल होगी।
इसके अलावा जाति से जुड़ी जानकारी भी जुटाई जाएगी। इसका उद्देश्य केवल आबादी का आंकड़ा जुटाना नहीं, बल्कि लोगों की सामाजिक, आर्थिक और शैक्षिक स्थिति से जुड़ा डेटा एकत्र करना भी है।
डिजिटल मैप पर घर की लोकेशन करनी होगी दर्ज
स्वगणना की प्रक्रिया में घर का पता दर्ज करने के साथ डिजिटल मैप पर घर की लोकेशन भी चिह्नित करनी होगी। इसके बाद परिवार के सभी सदस्यों से जुड़े सवालों के जवाब देने होंगे।
सभी जानकारी की जांच करने के बाद फॉर्म सबमिट करना होगा। फॉर्म जमा होने के बाद मिलने वाली SE ID को सुरक्षित रखना जरूरी होगा।
एक दिसंबर से 4 जनवरी 2027 तक गणनाकर्मी घर-घर पहुंचेंगे। इस दौरान परिवार को अपनी SE ID गणनाकर्मी को देनी होगी। इसके आधार पर पहले से ऑनलाइन दर्ज की गई जानकारी का सत्यापन किया जाएगा।
इस प्रक्रिया से उन परिवारों को अपनी पूरी जानकारी दोबारा दर्ज कराने की जरूरत नहीं पड़ेगी, जिन्होंने पहले ही स्वगणना के जरिए अपना विवरण ऑनलाइन जमा कर दिया है।