दिल्ली के छोटे कारोबारियों को डिजिटल बाजार की बड़ी ताकत, 600 उद्यम Amazon-Flipkart और ONDC से जुड़े

दिल्ली में छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को बड़े बाजारों तक पहुंच दिलाने की मुहिम तेज हो गई है। उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा की पहल के तहत अब तक 450 प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की जा चुकी हैं, जिनमें करीब 20 हजार उद्यमियों ने हिस्सा लिया है। इनमें 600 छोटे उद्यमों को अलग-अलग ई-कॉमर्स प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।

Knews Desk – दिल्ली में छोटे और सूक्ष्म कारोबारियों को डिजिटल बाजार से जोड़ने के लिए चलाए जा रहे प्रशिक्षण अभियान के तहत अब तक 450 कार्यशालाएं पूरी हो चुकी हैं। इन कार्यक्रमों में करीब 20 हजार उद्यमियों ने हिस्सा लिया है। सरकार का लक्ष्य जनवरी 2027 तक कुल 824 प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित करने का है। उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने शनिवार को दिल्ली राज्य औद्योगिक एवं अवसंरचना विकास निगम यानी DSIIDC के कार्यों की समीक्षा के दौरान अभियान की प्रगति का जायजा लिया।

बवाना से संगम विहार तक कारोबारियों को प्रशिक्षण

केंद्र सरकार की रैंप यानी RAMP योजना के तहत 25 जून से 13 नवंबर 2026 के बीच दिल्ली के 28 स्थानों पर प्रशिक्षण कार्यशालाएं आयोजित की गईं। इनमें कुल 19,931 प्रतिभागियों ने हिस्सा लिया। बवाना, नरेला, ओखला, मुंडका, नांगलोई, जहांगीरपुरी और संगम विहार समेत कई औद्योगिक और रिहायशी इलाकों में ये कार्यक्रम आयोजित किए गए।

प्रशिक्षण में 3,906 महिला उद्यमों से जुड़े प्रतिभागी शामिल रहे। इसके अलावा अनुसूचित जाति वर्ग के 2,191, अनुसूचित जनजाति वर्ग के 273 और दिव्यांगजनों द्वारा संचालित उद्यमों से जुड़े 334 प्रतिभागियों ने भी प्रशिक्षण लिया। कार्यशालाओं में वित्तीय प्रबंधन, सप्लाई चेन, साइबर सुरक्षा, पर्यावरण, महिला उद्यमिता और डिजिटल प्लेटफॉर्म पर उत्पाद बेचने से जुड़ी जानकारी दी गई।

ONDC से लेकर Amazon और Flipkart तक पहुंच

सरकार के मुताबिक अब तक 600 उद्यमों को ऑनलाइन बाजार से जोड़ा जा चुका है। इनमें 244 उद्यम ONDC, 17 सरकारी ई-मार्केटप्लेस यानी GeM, 44 Flipkart और 10 Amazon से जुड़े हैं। इसके अलावा 285 उद्यम Meesho, JioMart, Instamart और Blinkit जैसे निजी डिजिटल प्लेटफॉर्म पर पहुंचे हैं।

इस पहल का उद्देश्य छोटे कारोबारियों को केवल स्थानीय बाजार तक सीमित रखने के बजाय देशभर के ग्राहकों तक पहुंच उपलब्ध कराना है।

प्रशिक्षण से कारोबारियों को मिल रहा फायदा

प्रशिक्षण से जुड़े कारोबारियों ने भी इसका फायदा मिलने की बात कही है। ‘हनीवाली’ ब्रांड के तहत शहद बेचने वाली प्रवीण गोला ने बताया कि पहले वह सोशल मीडिया के जरिए उत्पाद बेचती थीं, लेकिन प्रशिक्षण के बाद उन्होंने दूसरे डिजिटल प्लेटफॉर्म पर भी पंजीकरण कराया और एक बड़ा थोक ऑर्डर हासिल किया।

मिलेट से कुकीज और सत्तू के लड्डू बनाने वाली तराशा कौर को वित्तीय प्रबंधन और लेखा-जोखा संबंधी प्रशिक्षण से बड़े ऑर्डर संभालने में मदद मिली। वहीं, घर से अचार, पापड़ और नमकीन का कारोबार चलाने वाली नवकम एंटरप्राइज की कामिनी पाठक ने प्रशिक्षण के बाद अपने कारोबार को ऑनलाइन ले जाने की दिशा में कदम बढ़ाया है।

कार्यशालाओं में कारोबारियों ने ऋण योजनाओं की जानकारी नहीं मिलने, वित्तीय सहायता हासिल करने में परेशानी, सीमित बाजार और लाइसेंस व प्रमाणन से जुड़ी प्रक्रियाओं में मार्गदर्शन की कमी जैसी समस्याएं बताईं। इसके बाद प्रशिक्षण में वित्तीय अनुशासन, नए बाजार तलाशने और केंद्र व दिल्ली सरकार की योजनाओं की जानकारी देने पर विशेष जोर दिया जा रहा है।

दिल्ली में उद्यम पोर्टल पर 12.64 लाख उद्यम पंजीकृत हैं। उद्योग मंत्री मनजिंदर सिंह सिरसा ने कहा कि सरकार का उद्देश्य ऐसा व्यावसायिक माहौल तैयार करना है, जहां घर से कारोबार करने वाले उद्यमी भी देशभर के बाजारों तक पहुंच सकें। छोटे और सूक्ष्म उद्यमों को मजबूत बनाना दिल्ली को निवेश और औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने की दिशा में अहम कदम माना जा रहा है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *