यूपी के 60 लाख से ज्यादा युवाओं को मिले स्मार्टफोन और टैबलेट, योगी बोले- युवा लिखेंगे सफलता की नई कहानी

KNEWS DESK – मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने युवाओं के उत्थान और उनके भविष्य को लेकर अपने विचार सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर साझा किए। उन्होंने कहा कि आज का युवा अपनी प्रतिभा और परिश्रम के दम पर दुनिया में आगे बढ़ना चाहता है। इसके लिए उसे अवसर और आधुनिक संसाधनों की जरूरत है। सरकार इसी दिशा में लगातार काम कर रही है।

60 लाख से अधिक युवाओं को मिले स्मार्टफोन-टैबलेट

सीएम योगी ने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में डबल इंजन सरकार की ओर से अब तक 60 लाख से अधिक युवाओं को स्मार्टफोन और टैबलेट प्रदान किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि ‘डिजिटल इंडिया’ के संकल्प को आगे बढ़ाते हुए स्वामी विवेकानंद युवा सशक्तीकरण योजना के माध्यम से युवाओं को आधुनिक तकनीक से जोड़ा जा रहा है।

इसी क्रम में रविवार को लखनऊ से 25 लाख अतिरिक्त टैबलेट के वितरण कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा है। मुख्यमंत्री ने इसे युवाओं को आधुनिक संसाधन उपलब्ध कराने की दिशा में सरकार का महत्वपूर्ण प्रयास बताया।

पूर्ववर्ती सरकारों पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री योगी ने पूर्ववर्ती सरकारों पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि युवाओं के भविष्य की चिंता करने के बजाय उन्हें जाति, क्षेत्र और परिवारवाद की राजनीति में उलझाए रखा गया। उनकी प्रतिभा को तकनीक का साथ देने के लिए कोई ठोस पहल नहीं की गई।

मेहनत से सफलता की नई कहानी लिखें युवा

सीएम योगी ने कहा कि डबल इंजन सरकार ने इस स्थिति को बदला है। सरकार का प्रयास है कि संसाधनों का अभाव किसी भी युवा की प्रतिभा के आड़े न आए। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश का हर नौजवान अपनी मेहनत के बल पर सफलता की नई कहानी लिखे। मुख्यमंत्री ने सभी लाभार्थियों को शुभकामनाएं भी दीं।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *