KNEWS DESK- राजस्थान के श्रीगंगानगर में 50 जीबी रेलवे ट्रैक ब्लास्ट मामले में गिरफ्तार दोनों आरोपियों को कोर्ट ने 10 दिन की पुलिस कस्टडी रिमांड पर भेज दिया है। पुलिस इस दौरान आरोपियों से वारदात से जुड़े कई अहम पहलुओं पर पूछताछ करेगी। साथ ही क्राइम सीन को रीक्रिएट भी किया जाएगा।
जांच अधिकारी आईपीएस नितिन चौधरी के नेतृत्व में पुलिस टीम ने दोनों आरोपियों को अदालत में पेश किया। इस दौरान कोर्ट परिसर में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए गए थे। पुलिस ने आरोपियों को रिमांड पर लेने की मांग की, जिसे अदालत ने मंजूर कर लिया।
आतंकियों के लोकल नेटवर्क की होगी जांच
पुलिस सूत्रों के मुताबिक, रिमांड के दौरान सबसे पहले यह पता लगाने की कोशिश होगी कि आरोपियों का किसी स्थानीय आतंकी नेटवर्क से क्या कनेक्शन था। पुलिस यह भी जानना चाहती है कि वारदात को अंजाम देने में उनके साथ कौन-कौन लोग शामिल थे।
फंडिंग और विस्फोटक की डिलीवरी पर सवाल
जांच में यह भी पता लगाया जाएगा कि आरोपियों तक पैसा और विस्फोटक कैसे पहुंचा। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि फंडिंग और विस्फोटक की डिलीवरी में कौन लोग शामिल थे और इसके पीछे कौन सा नेटवर्क काम कर रहा था।
ब्लास्ट के लिए इसी जगह को क्यों चुना?
पुलिस आरोपियों से यह भी पूछेगी कि रेलवे ट्रैक पर ब्लास्ट के लिए इसी स्थान का चुनाव क्यों किया गया। इसके साथ ही वारदात को अंजाम देने की पूरी योजना और उससे जुड़े अन्य पहलुओं की जानकारी जुटाई जाएगी।
आगामी योजना क्या थी?
पूछताछ का एक अहम बिंदु आरोपियों की आगे की योजना भी होगी। पुलिस यह जानने की कोशिश करेगी कि ब्लास्ट के बाद उनका अगला कदम क्या था और क्या किसी अन्य वारदात की योजना बनाई गई थी। रिमांड अवधि में इन सवालों के अलावा मामले से जुड़े अन्य पहलुओं पर भी पूछताछ की जाएगी।
कोर्ट में पेशी के दौरान आरोपी महकदीप कौर कैमरों से बचती नजर आई। मीडिया ने उससे बातचीत की कोशिश की, लेकिन उसने किसी सवाल का जवाब नहीं दिया और पुलिस के साथ निकल गई।