कृष्णकांत पांडेय- उत्तर प्रदेश के बलिया जिले के नगरा क्षेत्र में एक जन्मदिन पार्टी के दौरान उस समय भारी अफरा-तफरी मच गई, जब भोजपुरी के पावर स्टार व भाजपा एमएलसी पवन सिंह और गोरखपुर के सांसद रवि किशन को देखने के लिए प्रशंसकों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी. अव्यवस्था के कारण देखते ही देखते कार्यक्रम में जोरदार हंगामा शुरू हो गया, जिसके बाद बेकाबू भीड़ को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बर्बरतापूर्वक लाठीचार्ज करना पड़ा. पुलिस की इस कार्रवाई में कई दर्शकों और फैन्स के सिर फूट गए, जबकि कुछ के हाथ-पैर टूटने की भी खबर है.
ब्लॉक प्रमुख के रिश्तेदार के घर था बर्थडे प्रोग्राम
जानकारी के अनुसार, नगरा थाना क्षेत्र के पूर्व ब्लॉक प्रमुख अनिल सिंह के रिश्तेदार और स्थानीय कारोबारी विनय सिंह के बेटे श्रेयश का जन्मदिन था. इसी हाई-प्रोफाइल बर्थडे पार्टी में शिरकत करने और अपनी परफॉर्मेंस देने के लिए भोजपुरी सुपरस्टार पवन सिंह और सांसद रवि किशन पहुंचे हुए थे. दिग्गज कलाकारों के आने की खबर पाकर आसपास के इलाकों से हजारों की संख्या में फैन्स देर शाम ही आयोजन स्थल पर जमा हो गए थे.
पुलिस की लापरवाही से बिगड़े हालात, रोकना पड़ा शो
कार्यक्रम की शुरुआत देर रात लगभग 10 बजे हुई. जैसे ही पवन सिंह और रवि किशन मंच पर आए, फैन्स की दीवानगी सातवें आसमान पर पहुंच गई. हर कोई अपने पसंदीदा स्टार्स को करीब से देखने और मोबाइल में कैद करने के लिए स्टेज की तरफ बढ़ने लगा. आरोप है कि मौके पर पुलिस की सुरक्षा व्यवस्था पूरी तरह ध्वस्त थी. जब भीड़ मंच के बिल्कुल करीब आ गई और हो-हंगामा बढ़ने लगा, तो स्थिति पुलिस के नियंत्रण से बाहर हो गई. हालात को बिगड़ता देख पुलिसकर्मियों ने दर्शकों को पीछे खदेड़ने के लिए लाठियां भांजनी शुरू कर दीं.
लाठीचार्ज से मची भगदड़, कई घंटे बंद रहा कार्यक्रम
पुलिस द्वारा किए गए इस अचानक लाठीचार्ज से पंडाल में भगदड़ मच गई. पुलिस की लाठियों का शिकार हुए कई प्रशंसकों के सिर और शरीर पर गंभीर चोटें आईं, जबकि कई युवाओं के हाथ और पैर टूट गए. चारों तरफ चीख-पुकार मचने के बाद कार्यक्रम को कई घंटों के लिए बीच में ही रोकना पड़ा. घायल दर्शकों को तुरंत नजदीकी अस्पताल में भर्ती कराया गया है. इस घटना के बाद से स्थानीय लोगों में पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर भारी आक्रोश है.