KNEWS DESK- फ्रांस के एवियन में चल रहे G7 शिखर सम्मेलन के दौरान एक बार फिर भारत के प्रधानमंत्री Narendra Modi और इटली की प्रधानमंत्री Giorgia Meloni के बीच दोस्ताना और हल्का-फुल्का माहौल देखने को मिला। ग्रुप फोटो सेशन से पहले दोनों नेताओं की मुलाकात ने सोशल मीडिया पर एक बार फिर ‘#Melodi’ ट्रेंड को चर्चा में ला दिया।
फोटो सेशन के दौरान नेताओं के बीच अनौपचारिक बातचीत होती नजर आई, जहां पीएम मोदी और मेलोनी ने मुस्कुराते हुए एक-दूसरे का अभिवादन किया और कुछ देर तक बातचीत भी की। इस दौरान दोनों नेताओं के बीच पहले से वायरल हो चुके ‘मेलोडी मोमेंट’ का भी जिक्र हुआ, जिससे माहौल और भी हल्का-फुल्का हो गया।

बताया जा रहा है कि बातचीत के दौरान मेलोनी ने मुस्कुराते हुए कहा, “हम इंस्टाग्राम पर सबसे ज्यादा मशहूर हैं,” जिस पर दोनों नेताओं के बीच हंसी-मजाक का माहौल बन गया। इस बातचीत का वीडियो सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हो रहा है और लोग इसे फिर से ‘Melodi’ ट्रेंड से जोड़कर देख रहे हैं।

यह पहली बार नहीं है जब दोनों नेताओं की मुलाकात ने इंटरनेट पर सुर्खियां बटोरी हों। हाल ही में पीएम मोदी की इटली यात्रा के दौरान भी दोनों नेताओं की दोस्ताना केमिस्ट्री चर्चा में रही थी। उस दौरान पीएम मोदी ने मेलोनी को एक खास तोहफा दिया था, जिस पर ‘Melodi’ नाम का जिक्र भी हुआ था।
उस मुलाकात का वीडियो भी सोशल मीडिया पर खूब वायरल हुआ था, जिसमें दोनों नेता मुस्कुराते हुए नजर आए थे और उस पल को ‘Melodi’ नाम से जोड़कर ऑनलाइन खूब शेयर किया गया था। 2023 के COP28 सम्मेलन के दौरान ली गई एक सेल्फी के बाद यह शब्द और ज्यादा लोकप्रिय हो गया था।
एक बार फिर G7 समिट में दोनों नेताओं की यह अनौपचारिक और दोस्ताना मुलाकात वैश्विक मंच पर चर्चा का विषय बन गई है।