लखनऊ के हजरतगंज में कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में जांच के दौरान एक संदिग्ध ऑडी कार सामने आई है। दावा किया जा रहा है कि हादसे के कुछ ही समय बाद यह गाड़ी अवध ग्रीन अपार्टमेंट से बाहर निकली थी। कार पर सचिवालय में प्रवेश से जुड़ा वीआईपी पास का स्टीकर लगा होने की बात भी सामने आई है।
Knews Desk– उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ के हजरतगंज स्थित अवध ग्रीन अपार्टमेंट में चौथी मंजिल से गिरकर कारोबारी शिवा शर्मा की मौत के मामले में कई सवाल उठ रहे हैं। यह घटना श्रद्धा दुबे के फ्लैट में हुई थी, जो शिवा शर्मा की कथित लिव-इन पार्टनर बताई जा रही है। घटना के बाद से श्रद्धा और उसकी बहन रश्मि के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है।
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने अपार्टमेंट में लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली। इसमें एक ऑडी कार दिखाई दी, जो हादसे के कुछ ही देर बाद अपार्टमेंट से बाहर जाती नजर आई। बताया जा रहा है कि इसके बाद यह गाड़ी दोबारा कैमरों में दिखाई नहीं दी। कार पर सचिवालय में एंट्री के लिए इस्तेमाल होने वाले वीआईपी पास का स्टीकर लगा होने की बात कही जा रही है। इसी आधार पर आशंका जताई जा रही है कि श्रद्धा दुबे अपनी बहन रश्मि के साथ इस कार में बैठकर वहां से निकली होगी। हालांकि, इस दावे की आधिकारिक पुष्टि होना बाकी है।
पुलिस सूत्रों के अनुसार, श्रद्धा दुबे वर्ष 2022 में लखनऊ आई थी। यहां उसने मॉडलिंग के साथ सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर के तौर पर भी पहचान बनाई। उसके इंस्टाग्राम अकाउंट पर एक लाख से अधिक फॉलोअर्स बताए जाते हैं। इसी दौरान एक क्लब में उसकी मुलाकात शिवा शर्मा से हुई। दोनों के बीच नजदीकियां बढ़ीं और वे लंबे समय तक एक-दूसरे को डेट करने के बाद लिव-इन रिलेशनशिप में रहने लगे।
जांच से जुड़े इनपुट के मुताबिक, श्रद्धा के अन्य लोगों को भी डेट करने की बात सामने आई थी। बताया जा रहा है कि इस मुद्दे पर शिवा शर्मा ने आपत्ति जताई थी, जिसके बाद दोनों के बीच कई बार विवाद हुआ। आरोप यह भी हैं कि श्रद्धा ने कुछ रसूखदार लोगों के वीडियो बनाए थे और उनसे नियमित रूप से रकम वसूलती थी। हालांकि, इन आरोपों की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
इस मामले में शिवा शर्मा की मां रंजना शर्मा ने भी गंभीर आरोप लगाए हैं। पुलिस को दी गई शिकायत में उन्होंने दावा किया कि श्रद्धा के फ्लैट में उनके बेटे के साथ मारपीट की गई थी। उनके मुताबिक, घटना के समय फ्लैट में श्रद्धा के अलावा दो-तीन अन्य लोग भी मौजूद थे, जिनमें उसकी बहन रश्मि भी शामिल थी। रंजना शर्मा ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद उनके बेटे को चौथी मंजिल से नीचे धक्का दे दिया गया।
पुलिस ने शिकायत में लगाए गए आरोपों की जांच शुरू कर दी है। फिलहाल, शिवा शर्मा की मौत, घटना के समय फ्लैट में मौजूद लोगों और अपार्टमेंट से बाहर निकली संदिग्ध ऑडी कार को लेकर जांच जारी है।