चंद्रा प्रीमियर लीग: मंटोरा ग्राउंड पर चला रेहान का जादू, राहुल शपू मैदान पर रॉयल किंग क्लब ने जीता रोमांचक मुकाबला

शिव शंकर सविता- कानपुर क्रिकेट एसोसिएशन से मान्यता प्राप्त और चंद्रा क्रिकेट अकादमी द्वारा आयोजित ‘स्पार्क चंद्रा प्रीमियर लीग 3.0’ में युवा खिलाड़ियों का शानदार प्रदर्शन जारी है। लीग कमिश्नर नीरज वर्मा द्वारा दी गई जानकारी के अनुसार, आज शहर के तीन अलग-अलग मैदानों पर हाई-वोल्टेज मुकाबले खेले गए। आज के खेल में जहां एक तरफ रेहान आलम की घातक गेंदबाजी का जलवा रहा, वहीं दूसरी तरफ सुयश सिंह के बल्ले से निकला धमाकेदार शतक आकर्षण का मुख्य केंद्र बना रहा।

रेहान आलम के 6 विकेट, क्रिकेट आईटी स्ट्राइक जोन 9 विकेट से जीता

लीग कमिश्नर के अनुसार दिन का पहला मुकाबला मंटोरा ग्राउंड पर जेएमडी न्यूज और क्रिकेट आईटी स्ट्राइक जोन के बीच खेला गया। स्ट्राइक जोन ने टॉस जीतकर पहले गेंदबाजी करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करते हुए जेएमडी न्यूज की पूरी टीम निर्धारित 40 ओवर के इस मुकाबले में सिर्फ 84 रनों पर ही सिमट गई। टीम की ओर से निष्कर्ष शर्मा ने 24 और आर्यन यादव ने 22 रन बनाए। स्ट्राइक जोन के गेंदबाज रेहान आलम ने अपनी घातक स्पिन का जादू बिखेरते हुए महज 4.2 ओवर में केवल 4 रन खर्च करके 6 बल्लेबाजों को पवेलियन का रास्ता दिखा दिया। जवाब में उतरी क्रिकेट स्ट्राइक जोन की टीम ने इस छोटे से लक्ष्य को बेहद आसानी से हासिल कर लिया। टीम ने विकेटकीपर शुभम के शानदार नाबाद अर्धशतक (51 रन) और रेहान आलम के उपयोगी 20 रनों की बदौलत केवल 14.3 ओवर में 1 विकेट खोकर लक्ष्य को प्राप्त कर लिया। इस प्रकार क्रिकेट स्ट्राइक जोन ने 9 विकेट से एकतरफा जीत दर्ज की। ऑलराउंड खेल दिखाने वाले रेहान आलम को उनके शानदार प्रदर्शन के लिए ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

सुयश सिंह का धमाकेदार शतक, आरवीएस की 71 रनों से बड़ी जीत

चंद्रा क्रिकेट अकादमी के मैदान पर लीग का दूसरा मुकाबला बीपीएमजी ब्लास्टर बनाम आरवीएस के बीच खेला गया। बीपीएमजी ब्लास्टर ने टॉस जीतकर पहले फील्डिंग चुनी और आरवीएस को बल्लेबाजी का न्योता दिया। आरवीएस की टीम ने इस मौके का पूरा फायदा उठाया और सुयश सिंह की 85 गेंदों पर खेली गई 100 रनों की शतकीय पारी व आयुष कुमार प्रजापति के 35 रनों की मदद से निर्धारित 35 ओवरों में 4 विकेट खोकर 239 रनों का विशाल स्कोर खड़ा किया। बीपीएमजी की तरफ से शासन और कुबेर को 1-1 विकेट मिला। बड़े लक्ष्य का पीछा करने उतरी बीपीएमजी ब्लास्टर की टीम के कप्तान अभिजीत ने 77 रनों की जुझारू पारी खेलकर संघर्ष किया और साद ने भी 22 रनों का योगदान दिया, लेकिन उनकी पूरी टीम 33.4 ओवरों में ही ढेर हो गई। आरवीएस क्रिकेट अकादमी की तरफ से मोहम्मद जैद ने 3 और आशीष गौतम ने 2 विकेट चटकाकर अपनी टीम को 71 रनों से एक बड़ी जीत दिला दी। धमाकेदार शतक लगाने वाले सुयश सिंह को इस मैच का ‘मैन ऑफ द मैच’ चुना गया।

सौमित्रा और आयुष के अर्धशतक, रॉयल किंग क्लब ने मारी बाजी

आज के दिन का तीसरा मुकाबला राहुल शपू मैदान पर स्पार्क इंटरनेशनल और रॉयल किंग क्लब के बीच खेला गया। रॉयल किंग क्लब ने टॉस जीता और पहले क्षेत्ररक्षण (फील्डिंग) करने का फैसला किया। पहले बल्लेबाजी करने उतरी स्पार्क इंटरनेशनल की टीम ने कृष्णा यादव के शानदार 58 रन और सुरेश गर्ग के 51 रनों के अर्धशतकों की बदौलत निर्धारित 40 ओवरों में 9 विकेट खोकर 218 रनों का मजबूत स्कोर बनाया। रॉयल किंग क्लब के गेंदबाज युवराज सिंह ने बेहतरीन प्रदर्शन करते हुए 4 विकेट लिए, जबकि सुमित यादव को दो सफलताएं मिलीं। 219 रनों के चुनौतीपूर्ण लक्ष्य का पीछा करने उतरी रॉयल किंग क्लब की टीम की शुरुआत शानदार रही। सौमित्रा सिंह के बेहतरीन 68 रन और आयुष यादव के 61 रनों के दम पर टीम ने मुकाबले को रोमांचक मोड़ पर लाकर खड़ा कर दिया। हालांकि, स्पार्क इंटरनेशनल की तरफ से कप्तान सिद्धार्थ सेठ ने घातक गेंदबाजी करते हुए 5 विकेट झटके और दुष्यंत ने 2 विकेट लिए, लेकिन वे रॉयल किंग क्लब की जीत को नहीं रोक सके। रॉयल किंग क्लब ने 36.3 ओवरों में 7 विकेट खोकर लक्ष्य हासिल कर लिया और इस रोमांचक मुकाबले को 3 विकेट से अपने नाम किया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *