Knews Desk– मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को अयोध्या के बीकापुर विधानसभा क्षेत्र में 432 करोड़ रुपये से अधिक लागत वाली 217 विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने अयोध्या के विकास, धार्मिक पर्यटन और सांस्कृतिक पहचान को लेकर सरकार की योजनाओं का जिक्र किया। कार्यक्रम में अयोध्या के विकास कार्यों पर आधारित एक लघु फिल्म भी दिखाई गई। मुख्यमंत्री ने पूर्व मंत्री मुन्ना सिंह चौहान की प्रतिमा का अनावरण भी किया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि अयोध्या अब विकास और विरासत के अद्भुत संगम का उदाहरण बन चुकी है। उन्होंने कहा कि पहले लंबे समय तक अयोध्या सड़क, बिजली और पानी जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित रही, लेकिन अब यहां तेजी से बदलाव दिखाई दे रहा है। उन्होंने कहा कि आज अयोध्या देश और दुनिया के श्रद्धालुओं के आकर्षण का केंद्र बन रही है।
नगर पंचायतों के नाम बदले, धार्मिक पहचान को बढ़ावा
मुख्यमंत्री ने इस दौरान कई स्थानीय बदलावों का भी ऐलान किया। उन्होंने बताया कि खिरौनी-सुचित्तागंज नगर पंचायत का नाम अब मां ज्वाला देवी के नाम पर किया जाएगा। वहीं भदरसा नगर पंचायत का नाम बदलकर भरतपुर भरतकुंड किया जाएगा।
सीएम योगी ने कहा कि अयोध्या की पहचान भगवान राम और उनके आदर्शों से जुड़ी हुई है। उन्होंने भरत के त्याग और मर्यादा का उल्लेख करते हुए कहा कि भाई-भाई के संबंध की मिसाल भगवान राम और भरत के जीवन से मिलती है। उन्होंने कहा कि भरतकुंड का धार्मिक और पर्यटन की दृष्टि से विकास किया जा रहा है।
सक्रिय जनप्रतिनिधियों से विकास को मिलती है गति
मुख्यमंत्री ने कहा कि जब जनप्रतिनिधि सक्रिय होकर क्षेत्र के विकास के लिए काम करते हैं तो सकारात्मक परिणाम सामने आते हैं। उन्होंने बीकापुर विधायक की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार विकास योजनाएं आगे बढ़ रही हैं।
उन्होंने कहा कि अयोध्या के साथ-साथ बीकापुर, मिल्कीपुर, गोसाईगंज और रुदौली क्षेत्रों में भी विकास कार्यों को गति मिली है। सरकार की स्पष्ट नीति और विकास की प्राथमिकता के कारण बड़े स्तर पर बदलाव संभव हो पाया है। योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आज अयोध्या की तस्वीर पूरी तरह बदल चुकी है। शहर की गलियां बेहतर हुई हैं, प्रकाश व्यवस्था मजबूत हुई है और धार्मिक स्थलों का सौंदर्यीकरण किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के विजन के अनुरूप अयोध्या को सोलर सिटी के रूप में विकसित किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने राम की पैड़ी, नए घाटों और गुप्तार घाट के विकास का उल्लेख करते हुए कहा कि अब श्रद्धालु और पर्यटक बेहतर सुविधाओं के साथ अयोध्या का अनुभव कर रहे हैं। उन्होंने लोगों से परिवार के साथ गुप्तार घाट और अन्य विकसित स्थलों पर जाने की अपील की।
विपक्ष पर साधा निशाना
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अपने संबोधन में समाजवादी पार्टी और कांग्रेस पर भी निशाना साधा। उन्होंने आरोप लगाया कि विपक्षी दलों ने लंबे समय तक अयोध्या के विकास और राम मंदिर निर्माण के मुद्दे पर बाधाएं खड़ी कीं।
उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने कभी अयोध्या के विकास को लेकर सवाल उठाए, आज वही लोग विरोध कर रहे हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि डबल इंजन सरकार के कार्यकाल में राम मंदिर निर्माण का मार्ग प्रशस्त हुआ और अयोध्या को नई पहचान मिली। उन्होंने कहा कि अयोध्या में भक्ति पथ, धर्म पथ, राम पथ और जन्मभूमि पथ जैसे प्रोजेक्ट शहर की नई पहचान बन चुके हैं। इसके अलावा सड़क, रेल और हवाई कनेक्टिविटी में भी बड़ा सुधार हुआ है।
धार्मिक स्थलों और पर्यटन पर जोर
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने धार्मिक स्थलों के विकास के साथ सामाजिक समरसता को भी बढ़ावा दिया है। उन्होंने निषादराज और मां शबरी के नाम से बनाए गए विकास कार्यों का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि अयोध्या में अब हर दिन सरयू आरती होती है और बड़ी संख्या में श्रद्धालु यहां पहुंच रहे हैं। सरकार का उद्देश्य अयोध्या को विश्वस्तरीय धार्मिक और सांस्कृतिक केंद्र के रूप में विकसित करना है।मुख्यमंत्री ने कार्यक्रम में मौजूद लोगों का आभार जताते हुए कहा कि खराब मौसम के बावजूद बड़ी संख्या में लोग कार्यक्रम में पहुंचे। उन्होंने कहा कि विपरीत परिस्थितियों में भी आगे बढ़ने का जज्बा अयोध्या की पहचान है।
कार्यक्रम में अयोध्या के महापौर गिरीश पति त्रिपाठी, विधायक रामचंद्र यादव, अभय सिंह, चंद्रभानु पासवान, जिला पंचायत अध्यक्ष रोली सिंह, पूर्व विधायक शोभा सिंह चौहान समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा पदाधिकारी मौजूद रहे। बीकापुर विधायक डॉ. अमित सिंह चौहान ने अतिथियों का स्वागत किया। मुख्यमंत्री के इस दौरे को अयोध्या के विकास अभियान को आगे बढ़ाने और धार्मिक पर्यटन को मजबूत करने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।