सीएम योगी की पातीः यूपी बोर्ड परिणाम जारी होने के बाद सीएम योगी ने छात्रों से कही मन की बात, बढ़ाया छात्रों का हौसला

डिजिटल डेस्क- सीएम योगी ने यूपी बोर्ड के 10वीं और 12वीं के परीक्षा परिणाम जारी होने के बाद छात्रों के नाम एक भावुक और प्रेरणादायक पाती लिखी है। इस पाती के जरिए उन्होंने जहां सफल छात्रों को बधाई दी, वहीं अपेक्षित परिणाम न ला पाने वाले विद्यार्थियों का हौसला भी बढ़ाया। सीएम योगी ने अपने संदेश में कहा कि इस वर्ष का परीक्षाफल अत्यंत उत्साहजनक रहा है और प्रदेश के कई छात्रों ने अपनी मेहनत और लगन से न सिर्फ अपने परिवार बल्कि पूरे उत्तर प्रदेश का नाम रोशन किया है। उन्होंने सभी सफल विद्यार्थियों को उज्ज्वल भविष्य की शुभकामनाएं देते हुए आगे भी इसी तरह निरंतर प्रयास करते रहने की प्रेरणा दी।

सफल न होने वालों के लिए था संदेश

हालांकि, मुख्यमंत्री का यह संदेश खासतौर पर उन छात्रों के लिए भी रहा जो इस बार सफलता हासिल नहीं कर सके। उन्होंने स्पष्ट शब्दों में कहा कि सफलता और असफलता जीवन के अभिन्न अंग हैं। जहां सफलता हमें उत्साहित करती है, वहीं असफलता कभी-कभी निराशा का कारण बन सकती है। लेकिन जरूरी यह है कि हम इस निराशा को खुद पर हावी न होने दें और आगे बढ़ते रहें। सीएम योगी ने छात्रों को ‘चरैवेति-चरैवेति’ के मंत्र को अपनाने की सलाह दी, जिसका अर्थ है ‘चलते रहो, आगे बढ़ते रहो।’ उन्होंने कहा कि यही जीवन का मूल मंत्र है, जो हमें निरंतर मेहनत, प्रगति और संघर्ष के रास्ते पर आगे बढ़ने की प्रेरणा देता है। उन्होंने यह भी कहा कि एक असफलता भविष्य की अनेक सफलताओं की जननी हो सकती है और कोई भी परीक्षा परिणाम जीवन का अंतिम सत्य नहीं होता, बल्कि यह एक नए अवसर की शुरुआत होती है।

उदाहरण देकर समझाई अपनी बात

अपने संदेश में मुख्यमंत्री ने उदाहरण देते हुए बताया कि जैसे सोना तपकर कुंदन बनता है, वैसे ही कठिनाइयां हमें और मजबूत बनाती हैं। उन्होंने महान वैज्ञानिक थॉमस अल्वा एडिसन और प्रसिद्ध गणितज्ञ श्रीनिवास रामानुजन का जिक्र करते हुए कहा कि इन महान विभूतियों ने भी जीवन में कई असफलताओं का सामना किया, लेकिन उन्होंने कभी हार नहीं मानी और लगातार प्रयास करते रहे। इसके साथ ही सीएम योगी ने अभिभावकों को भी महत्वपूर्ण संदेश दिया। उन्होंने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और यदि उनका परीक्षा परिणाम उम्मीद के मुताबिक नहीं आता है, तो उन्हें डांटने या निराश होने के बजाय उनका मनोबल बढ़ाना चाहिए। अभिभावकों को चाहिए कि वे बच्चों की रुचियों को समझें और उन्हें उसी दिशा में आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित करें।

प्रतिभा को पहचानने की जरूरत है- सीएम योगी

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि आज के समय में करियर के कई विकल्प उपलब्ध हैं और हर बच्चे में कोई न कोई विशेष प्रतिभा होती है। जरूरत है उस प्रतिभा को पहचानने और उसे सही दिशा देने की। उन्होंने अभिभावकों से अपील की कि वे अपने बच्चों को बेहतर अवसरों की पहचान कराने में मदद करें और उन्हें आत्मविश्वास के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रेरित करें। सीएम योगी की यह पाती न सिर्फ छात्रों के लिए प्रेरणा का स्रोत है, बल्कि अभिभावकों को भी एक सकारात्मक दृष्टिकोण अपनाने का संदेश देती है। यह संदेश बताता है कि जीवन में असफलता अंत नहीं, बल्कि एक नई शुरुआत का संकेत होती है।