डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के योगी आदित्यनाथ ने सहारनपुर में आयोजित एक कार्यक्रम में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे को लेकर बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि इस एक्सप्रेसवे के जरिए सहारनपुर से दिल्ली की दूरी अब काफी कम हो जाएगी और जहां पहले छह घंटे लगते थे, वहीं अब यह सफर महज ढाई घंटे में पूरा हो सकेगा। सहारनपुर में आयोजित इस कार्यक्रम में सीएम योगी ने बताया कि प्रदेश में दिल्ली-देहरादून एक्सप्रेसवे का करीब 180 किलोमीटर हिस्सा आता है, जो पश्चिमी उत्तर प्रदेश के विकास को नई गति देगा। उन्होंने कहा कि इस परियोजना से न केवल आवागमन आसान होगा, बल्कि क्षेत्र में बनने वाले उत्पाद और खाद्य सामग्री को राष्ट्रीय राजधानी और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचाने में भी मदद मिलेगी।
कार्यक्रम में उपस्थित रहीं गवर्नर आनंदीबेन पटेल
कार्यक्रम में आनंदीबेन पटेल भी मौजूद रहीं। इस दौरान अंबेडकर जयंती के अवसर पर सीएम योगी ने डॉ. भीमराव अंबेडकर को याद करते हुए महापुरुषों की प्रतिमाओं के आसपास शेड निर्माण की योजना का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास के साथ-साथ अपनी सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण पर भी विशेष ध्यान दे रही है। सीएम योगी ने अपने संबोधन में प्रदेश की कानून व्यवस्था और इंफ्रास्ट्रक्चर की स्थिति को बेहतर बताते हुए कहा कि उत्तर प्रदेश आज हर क्षेत्र में आगे बढ़ रहा है। उन्होंने इसे “डबल इंजन सरकार” का परिणाम बताया। उन्होंने कहा कि प्रदेश में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) और फिल्म सिटी जैसी बड़ी परियोजनाओं पर तेजी से काम हो रहा है, जो आने वाले समय में राज्य को आर्थिक रूप से और मजबूत बनाएंगे।
विपक्ष समाज को बांटने की राजनीति कर रहा- सीएम योगी
अपने भाषण के दौरान सीएम योगी ने विपक्ष पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जो लोग समाज को बांटने की राजनीति करते हैं, वे विकास की बात नहीं कर सकते। उनसे प्रदेश के विकास की उम्मीद करना बेकार है। उन्होंने 2017 से पहले के समय का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौर में उत्तर प्रदेश की पहचान का संकट था, लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है। कार्यक्रम में मौजूद पंकज चौधरी ने भी बाबा साहेब को श्रद्धांजलि देते हुए कहा कि उनके विचार आज भी देश के लिए मार्गदर्शक हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी 2017 से भी बड़ी जीत हासिल करेगी। वहीं, उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने पश्चिमी उत्तर प्रदेश में हुए विकास कार्यों का जिक्र करते हुए कहा कि जनता ने “कमल का बटन” दबाकर प्रदेश में विकास, शांति और खुशहाली लाई है। उन्होंने भी 2027 में एक बार फिर भाजपा की सरकार बनने का दावा किया।