बच्चों ने अपनी बुजुर्ग मां को छोड़ा बेसहारा, आंख में आंसू लेकर सड़कों पर भटक रही महिला

KNEWS DESK- उत्तर प्रदेश के लखनऊ में बारिश में भीगती हुई एक 80 साल की लाचार वृद्ध महिला मिली| महिला के दो बेटे और एक बेटी हैं लेकिन कोई भी उन्हें अपने साथ रखना नहीं चाहता| इसी कारण वे महिला सड़कों में भटका करती है| हाल ही में किसी ने पुलिस को ये जानकारी दी| जिसके बाद पुलिस ने बुजुर्ग महिला को वृद्धाश्रम में रख दिया|

आपको बता दें कि कृष्णा नगर क्षेत्र के अवध चौराहे पर एक वृद्ध महिला झमझमाती बारिश में सड़कों पर  दर-दर भटक रही थी| उसे परेशान देख राहगीरों ने पुलिस को इसकी जानकारी दी| सूचना मिलते ही कृष्णा नगर थाने के इंस्पेक्टर विक्रम सिंह वहां पहुंचे| उन्होंने महिला को फुल पेट खाना खिलाया फिर उसे डॉक्टरों को दिखाया| इसके बाद महिला ने जब अपनी आपबीती सुनाई तो वहां मौजूद सभी लोगों की आंखें नम हो गईं|

लखनऊ पुलिस ने बुजुर्ग महिला को पहुंचाया वृद्धाश्रम

कहने को तो बुजुर्ग महिला के दो बेटे और एक बेटी है| अच्छा-खासा परिवार होने के बावजूद भी कोई अपने साथ अपनी मां को रखने के लिए तैयार नहीं है| बेटे तो सारी सम्पति बेचकर गायब ही हो गए हैं और बेटी ने तो अपने साथ रखने के लिए साफ शब्दों से इंकार कर दिया| जसके चलते लावारिस हालत में बुजुर्ग महिला आंख में आंसू भरे मजबूरन सड़कों में भटक रही थी|

बुजुर्ग महिला से मिली जानकारी 

महिला अपना नाम रामबेटी मिश्रा बता रही है| उसने बताया कि उसके पति राम बहादुर मिश्रा अब इस दुनिया में नहीं हैं| वह हरदोई जिले के सुरसा थाना क्षेत्र स्थित खरजुरहा गांव की रहने वाली है| महिला के तीनों बच्चों की शादी हो चुकी है| उसने बताया कि वो अपने बेटों के साथ हरदोई में रहती थी लेकिन फिलहाल उनके बेटे उन्हें दर-दर भटकते छोड़ कर कहीं चले गए|

कृष्णा नगर पुलिस ने हरदोई पुलिस से जांच पड़ताल करवाई तो पता चला कि वृद्ध महिला के दोनों बेटे संपत्ति बेचकर कहीं चले गए हैं| इसके बाद हरदोई पुलिस उनकी बेटी से संपर्क किया| जिसने अपनी मां को अपने साथ रखने से साफ इंकार कर दिया| ऐसे में पुलिस ने बुजुर्ग महिला को वृद्धाश्रम में शिफ्ट करा दिया|

About Post Author