डिजिटल डेस्क- उत्तर प्रदेश के बरेली शहर में प्रतिबंधित चाइनीज मांझे ने एक बार फिर बड़ा उपद्रव मचाया है। इस जानलेवा मांझे की चपेट में आने से प्रदेश के गन्ना राज्यमंत्री संजय सिंह गंगवार के भतीजे आदित्य वीर सिंह गंगवार गंभीर रूप से घायल हो गए। चाइनीज मांझे से उनकी गर्दन और चेहरा बुरी तरह कट गया। इस हाई-प्रोफाइल हादसे के बाद हरकत में आए पुलिस-प्रशासन ने शहर में सुरक्षा बढ़ा दी है और अज्ञात पतंगबाजों व मांझा विक्रेताओं के खिलाफ ‘हत्या की कोशिश’ का मुकदमा दर्ज कर लिया है। जानकारी के अनुसार, पीलीभीत के ललौरीखेड़ा ब्लॉक प्रमुख अजय वीर सिंह गंगवार का 15 वर्षीय बेटा आदित्य वीर सिंह (राज्यमंत्री का भतीजा) सोमवार सुबह स्कूटी से स्टेडियम की ओर से गांधी उद्यान जा रहे थे। जैसे ही वह श्यामगंज ओवरब्रिज से गुजरे, हवा में झूल रहा प्रतिबंधित चाइनीज मांझा उनकी गर्दन में आकर उलझ गया।
प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ी, होंठ और कान भी कटे
चाइनीज मांझा इतना धारदार था कि उससे आदित्य की गर्दन गहराई तक कट गई। इसके अलावा उनके होंठ, कान, गाल और हाथ की एक उंगली भी गंभीर रूप से जख्मी हो गई। लहूलुहान हालत में उन्हें तुरंत नजदीकी अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों को उनकी आपातकालीन प्लास्टिक सर्जरी करनी पड़ी। फिलहाल उनका इलाज जारी है।
सामान्य लापरवाही नहीं, दर्ज हुआ हत्या के प्रयास का केस
इस घटना को बेहद गंभीरता से लेते हुए श्यामगंज चौकी प्रभारी योगेश कुमार ने बारादरी थाने में अज्ञात पतंगबाजों और प्रतिबंधित मांझा बेचने वाले दुकानदारों के खिलाफ जानलेवा हमले की धाराओं में एफआईआर दर्ज कराई है। पुलिस का कहना है कि शहर में प्रतिबंध के बावजूद जानलेवा मांझा बेचना और उड़ाना सीधे तौर पर लोगों की जान लेने की कोशिश है, इसलिए इसे दुर्घटना या लापरवाही की श्रेणी में नहीं रखा जाएगा।
शहर के 8 प्रमुख ओवरब्रिज पर पुलिस तैनात, ड्रोन से होगी निगरानी
हादसे के बाद बरेली पुलिस ने शहर के 8 सबसे व्यस्त और संवेदनशील पुलों श्यामगंज, महादेव सेतु, हार्टमैन पुल, किला पुल, आईवीआरआई ओवरब्रिज, सेटेलाइट, अटल सेतु और लाल फाटक पुल पर दो शिफ्टों में सिपाहियों की मुस्तैद ड्यूटी लगा दी है। ये पुलिसकर्मी पुलों से गुजरने वाले वाहन चालकों को मांझे से बचाएंगे। अधिकारियों के मुताबिक, छतों पर छिपे पतंगबाजों को पकड़ने के लिए जल्द ही ड्रोन कैमरों की मदद ली जाएगी। अभियान के पहले ही दिन पुलिसकर्मियों ने श्यामगंज पुल पर हवा में लटकते एक चाइनीज मांझे को समय रहते हटाकर कई राहगीरों को हादसे का शिकार होने से बचा लिया। पुलिस ने जनता से अपील की है कि वे ऐसे जानलेवा मांझे का इस्तेमाल न करें और इसकी बिक्री करने वालों की गुप्त सूचना पुलिस को दें।